शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:यात्री के टोकने के बाद भी 110 की रफ्तार से बस दौड़ाता रहा चालक – The Driver Continued To Drive The Bus At A Speed Of 110 Kmph Even After A Passenger Objected
आज़मगढ़

Azamgarh News:यात्री के टोकने के बाद भी 110 की रफ्तार से बस दौड़ाता रहा चालक – The Driver Continued To Drive The Bus At A Speed Of 110 Kmph Even After A Passenger Objected

November 19, 2026


मुबारकपुर थाना क्षेत्र के फखरुद्दीनपुर गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की सुबह करीब 7.30 बजे हुए हादसे से चंद मिनट पहले बस में सवार एक यात्री ने चालक को तेज रफ्तार और धुंध को लेकर आगाह किया था।

यात्री ने बस की करीब 110 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार का वीडियो रिकॉर्ड करते हुए चालक से कहा था कि जब धुंध के कारण रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है तो इतनी तेज रफ्तार से वाहन क्यों चला रहे हैं।

यात्री की बात मानने के बजाय चालक ने नाराजगी जताई और उसे पीछे की सीट पर जाकर बैठने के लिए कह दिया। यात्री चालक के कहने पर पीछे की ओर चला गया। इसके कुछ ही देर बाद तेज रफ्तार स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस की रफ्तार को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि जब यूपीडा ने पहले निर्धारित 120 किलोमीटर प्रति घंटे की अधिकतम गति सीमा को घटाकर 80 किलोमीटर प्रति घंटा कर दिया है, इसके बावजूद गति की निगरानी की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

—–

तीन साल के सड़क हादसों पर एक नजर

वर्ष – सड़क दुर्घटनाएं – मृतक – घायल

2024 – 597 – 277 – 496

2025 – 664 – 326 – 552

2026 – 650 – 345 – 494

00

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर इस साल 18 हादसे, 23 लोगों की मौत

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर जनवरी से नवंबर 2026 तक 18 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 23 लोगों की मौत हो गई। वहीं, पिछले वर्ष इसी अवधि में 37 हादसे हुए थे और 35 लोगों की जान गई थी। आंकड़ों के अनुसार, इस साल दुर्घटनाओं की संख्या पिछले साल की तुलना में कम रही, लेकिन हादसों में मरने वालों की संख्या में कमी दर्ज की गई है।

00

‘मेरे पास मत आना, नहीं तो इंजेक्शन लगाओगे’

हादसे ने मासूम बच्चों के मन में भी खौफ भर दिया। हादसे में सुरक्षित बची गाजीपुर जनपद के बलेसर थाना क्षेत्र के जमीर गांव निवासी नाविका ने डर के कारण अस्पताल के चिकित्सक से कहा, ‘मेरे पास मत आना, नहीं तो इंजेक्शन लगाओगे।’ मासूम के मुंह से निकले इन शब्दों ने हादसे के बाद बच्चों के मन में बैठे डर और दहशत को बयां कर दिया। नाविका अपने पिता विकास और अपनी मां नंदिनी के साथ बस में सफर कर रही थी। हादसे के बाद मौके पर मची चीख-पुकार और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की आपाधापी के बीच वह भी सहम गई। दुर्घटना में उसके माता-पिता और भाई भी घायल हुए, जबकि नाविका बाल-बाल बच गई।

00

हादसे के बाद मीडिया से दूरी बनाते रहे यूपीडा के अधिकारी

आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए भीषण सड़क हादसे के बाद यूपीडा के अधिकारी मीडिया से दूरी बनाते रहे। मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने न तो मृतकों के नाम बताए और न ही घायलों के बारे में कोई जानकारी दी। हादसे से जुड़े सवाल पूछे जाने पर वे बयान देने से बचते रहे। यहां तक कि कुछ अधिकारियों ने अपना नाम बताने से भी मना कर दिया। संवाद

00

डीएम ने कहा, हादसे की होगी पूरी जांच

जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने कहा कि घटना में तीन लोगों की मौत हुई है। 14 लोग घायल हुए हैं। हमारी पहली प्राथमिकता है कि घायलों को बेहतर उपचार मिले। जहां तक रही बात तेज रफ्तार में बस चलाने की तो इस घटना की पूरी जांच कराई जाएगी। हादसे के कारणों का पता लगाया जाएगा। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X