सोमवार, 16 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:तिगरी मेले की ओर उमड़ने लगा श्रद्धालुओं का सैलाब – A Massive Influx Of Devotees Has Begun Heading Towards The Tigri Fair

November 16, 2026


गजरौला। कार्तिक पूर्णिमा पर तिगरी गंगा मेले में स्नान कर पुण्य कमाने के लिए श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा है। रविवार सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों में सवार होकर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला तेज हो गया। परिवार के साथ जरूरी सामान और पूजन सामग्री लेकर श्रद्धालु गंगा तट की ओर रवाना हो रहे हैं। सुबह से शाम तक सैकड़ों ट्रैक्टर-ट्रॉलियां मेला क्षेत्र में पहुंच गईं। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ से तिगरी की ओर जाने वाले रास्तों पर रौनक बढ़ गई है।

तिगरी में गंगा किनारे लग रहे तंबुओं के शहर में अब धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की चहल-पहल बढ़ने लगी है। हालांकि मेले में पहुंचने का सिलसिला कई दिन से चल रहा है, लेकिन रविवार को इसमें तेजी आ गई। सुबह होते ही ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के काफिले तिगरी की ओर बढ़ने लगे। कोई परिवार के साथ तो कोई रिश्तेदारों के साथ मेले में डेरा जमाने पहुंच रहा है। श्रद्धालुओं का कहना है कि मुख्य स्नान पर्व पर भीड़ अधिक होने के कारण पहले ही मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में पहुंचने वाले ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को तिगरी चेकपोस्ट से सीधे अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जा रही है। यहां पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है। पुलिसकर्मी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को मोहरका पट्टी मार्ग की ओर मोड़कर मेला क्षेत्र में भेज रहे हैं। इससे मेले में वाहनों की आवाजाही को व्यवस्थित रखने का प्रयास किया जा रहा है। रविवार को चेकपोस्ट पर भी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही बनी रही।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X