Amroha News:तिगरी मेले में सात कारों से शराब और बीयर बरामद, सभी वाहन सीज – Liquor And Beer Recovered From Seven Cars At Tigri Fair, All Vehicles Seized
तिगरी धाम(अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में शराब लेकर पहुंच रहे वाहनों पर पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। बृहस्पतिवार को चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने सात अलग-अलग कारों से शराब की बोतलें और बीयर बरामद कीं। पुलिस ने सभी सात वाहनों को सीज कर दिया है। साथ ही संबंधित चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
बृहस्पतिवार को एसपी लखन सिंह यादव ने भारी पुलिस बल के साथ मेला क्षेत्र में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान पुलिस फोर्स ने संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग कराई गई। मादक पदार्थों और संदिग्ध वस्तुओं की तलाश के लिए पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। इसी दौरान अलग-अलग कारों की तलाशी लेने पर शराब और बीयर बरामद हुई।
एसपी ने पैंटूल पुल, गंगा घाटों, मेला पुलिस कोतवाली, पार्किंग स्थलों और यातायात व्यवस्था का निरीक्षण किया। इसके अलावा इंटीग्रेटेड सीसीटीवी कंट्रोल रूम में कैमरों के जरिये भीड़ और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए। मेला क्षेत्र में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। एसपी ने श्रद्धालुओं से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का फीडबैक लिया। साथ ही पुलिसकर्मियों को मुस्तैदी से ड्यूटी करने और श्रद्धालुओं के साथ शालीन व्यवहार रखने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मेले में नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
