Amroha News:प्रेमी संग बाइक पर बेटी को देखकर हेलमेट से किया हमला – Attacked With A Helmet After Seeing His Daughter On A Bike With Her Boyfriend
अमरोहा। शहर के गुजरी बाजार में बुधवार दोपहर बेटी को प्रेमी के साथ बाइक पर देखकर एक होमगार्ड आपा खो बैठा। उसने युवक की बाइक रुकवाकर हेलमेट से उसके सिर पर हमला कर दिया।
युवक भी होमगार्ड से भिड़ गया।
दोनों के बीच-बीच सड़क जमकर मारपीट और खींचतान हुई। इस दौरान होमगार्ड की वर्दी तक फट गई। बाजार में हंगामे की सूचना पर पहुंची पुलिस होमगार्ड, उसकी बेटी और युवक को कोतवाली ले गई।
जानकारी के मुताबिक, नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति होमगार्ड है। उसकी ड्यूटी अमरोहा शहर में लगी हुई है। बुधवार दोपहर वह किसी काम से बाइक पर सवार होकर गुजरी बाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उसकी नजर एक बाइक पर बैठे युवक और अपनी बेटी पर पड़ गई।
बेटी को युवक के साथ देखकर वह गुस्से में आ गया और दोनों का पीछा करने लगा। कुछ दूरी पर उसने बाइक रुकवा ली। इसके बाद बेटी से युवक के बारे में पूछताछ की। बेटी ने युवक को अपना प्रेमी बताया तो होमगार्ड का गुस्सा और बढ़ गया।
आरोप है कि उसने युवक के सिर पर हेलमेट से वार कर दिया। इस पर युवक ने भी पलटकर हमला कर दिया। देखते-ही-देखते दोनों के बीच सड़क पर हाथापाई शुरू हो गई। सरेराह मारपीट होने से बाजार में अफरातफरी मच गई। राहगीर रुक गए और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। इसी बीच किसी ने पुलिस को सूचना दे दी। मौके पर पहुंची पुलिस तीनों को अपने साथ कोतवाली ले गई। देर शाम तक मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई थी।
दोनों पक्षों के बीच समझौते का प्रयास चल रहा था। सीओ सिटी डॉ. प्रदीप कुमार ने बताया कि मामले अगर तहरीर मिलती है तो प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
