बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
अमरोहा

Amroha News:श्मशान घाट का रास्ता बंद करने पहुंची रेलवे टीम, जमकर हंगामा – Railway Team Arrives To Block Path To Cremation Ground; Major Commotion Ensues

November 18, 2026


अमरोहा। लाइनपार स्थित श्मशान घाट का रास्ता बंद करने पहुंची रेलवे की टीम को बुधवार को लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। रेलवे की जमीन पर गर्डर लगाकर रास्ता बंद करने की तैयारी करते ही लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। बाद में रेलवे पटरी से करीब 20 मीटर पहले तक रास्ता बनाने पर दोनों पक्षों के बीच सहमति बन गई।

अमरोहा रेलवे स्टेशन से मुरादाबाद की ओर दक्षिण दिशा में श्मशान घाट है। यहां जाने के लिए कोई व्यवस्थित रास्ता नहीं है। अंतिम संस्कार में शामिल होने वाले लोगों को रेलवे लाइन पार करके जाना पड़ता है। बरसात में रास्ते में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कत होती है। श्मशान घाट के बराबर में ही भूरेशाह की मजार है। यहां हर साल उर्स का आयोजन होता है, जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। स्थानीय लोग लंबे समय से श्मशान घाट तक रास्ता बनवाने की मांग कर रहे हैं।

बताया गया कि नगर पालिका की ओर से लोगों की सुविधा के लिए यहां रेलवे की जमीन पर मिट्टी डाली गई थी। बुधवार को रेलवे की टीम मौके पर पहुंची और रेलवे की जमीन पर गर्डर लगाकर लोगों की आवाजाही रोकने लगी। जानकारी मिलते ही लोग एकत्र होकर रास्ता बंद करने पर नाराजगी जताते हुए हंगामा किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद रेलवे पटरी से करीब 20 मीटर पहले तक रास्ता बनाने पर सहमति बनी, ताकि लोग श्मशान घाट तक पहुंच सकें और रेल हादसे की आशंका भी न रहे।

सीनियर सेक्शन इंजीनियर महेंद्र कुमार ने बताया कि नगर पालिका रेलवे की जमीन पर मिट्टी डालकर सड़क बनाने की तैयारी कर रही थी। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर मिट्टी हटवा दी। पटरी के नजदीक लोगों की आवाजाही से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। इसलिए सुरक्षा के लिहाज से कार्रवाई की गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X