Amroha News:अमेरिका से अमरोहा पहुंचे डॉ. नूर अमरोहवी का सम्मान – Dr. Noor Amrohvi, Who Arrived In Amroha From America, Is Honored
अमरोहा। अमेरिका के डलास से अमरोहा पहुंचे विश्व प्रसिद्ध शायर डॉ. नूर अमरोहवी का हाशमी हाउस में स्वागत किया गया। अंजुमन तरक्की उर्दू उत्तर प्रदेश की ओर से आयोजित सम्मान समारोह में साहित्यकारों, बुद्धिजीवियों और गणमान्य लोगों ने उर्दू साहित्य व शायरी में उनके योगदान की सराहना की।
अध्यक्षता अंजुमन के प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी और संचालन प्रसिद्ध मुशायरा संचालक सैयद शिबान कादरी ने किया।
डॉ. नासिर अमरोहवी ने कहा कि डॉ. नूर लंबे समय से उर्दू साहित्य के प्रचार-प्रसार में जुटे हैं। पूर्व पालिका अध्यक्ष डॉ. अफसर परवेज ने उनकी शायरी को वर्तमान दौर की सच्ची तस्वीर बताया। वरिष्ठ अधिवक्ता खलीक उज्जमा ने उन्हें अमरोहा की पहचान और गौरव कहा। डॉ. सिराजुद्दीन हाशमी ने कहा कि अमेरिका में लंबे समय तक रहने और वहां की नागरिकता लेने के बावजूद डॉ. नूर का जन्मभूमि और मातृभाषा से गहरा लगाव है। उन्होंने दुनिया भर में अमरोहा का नाम रोशन किया है।
इस दौरान अंजुमन ने डॉ. नूर को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। डॉ. महताब अमरोहवी ने उन्हें अपनी पुस्तकें भेंट कीं। डॉ. नूर ने अमरोहा से जुड़ी पुरानी यादें साझा कर आयोजकों का आभार जताया। कार्यक्रम में शहजाद कुरैशी, फहीम शाहनवाज, अदनान अशरफ बछरायूंनी आदि मौजूद रहे। संवाद
