शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
औरैया

Auraiya News:ग्राम समाज भूमि बेचकर 10 लाख की ठगी, चार पर प्राथमिकी – Fraud Of 10 Lakh Through The Sale Of Village Community Land

November 9, 2026


दिबियापुर। थानाक्षेत्र के सेहुद गांव में ग्राम समाज की जमीन को निजी प्लॉट बताकर 10 लाख रुपये की ठगी की गई है। इस मामले में पुलिस ने पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

कस्बे के आंबेडकर नगर मोहल्ला निवासी बालकृष्ण पोरवाल ने एसपी अभिषेक भारती को शिकायती पत्र दिया था। बताया था कि उन्होंने 20 जनवरी 2020 को सेहुद क्षेत्र में रेनू यादव से 10 लाख रुपये में एक प्लॉट खरीदा था। 21 अक्तूबर 2020 को इसका दाखिल खारिज भी हो गया था। पीड़ित ने इसके बाद निर्माण कार्य भी शुरू करा दिया था।

आठ मई 2022 को तहसील प्रशासन ने इस भूमि को ग्राम समाज की बताकर बाउंड्री गिरा दी। तब इस ठगी का खुलासा हुआ। छानबीन से पता चला कि विक्रेता रेनू यादव ने यह जमीन 20 मार्च 2013 को गोविंद सिंह से खरीदी थी। आरोप है कि गोविंद सिंह, रेशमा यादव, रेनू यादव और प्रदीप कुमार ने साजिश के तहत ग्राम समाज की भूमि का फर्जी बैनामा किया। इससे पीड़ित को आर्थिक क्षति हुई।

बालकृष्ण पोरवाल ने तहसील समाधान दिवस व जनसुनवाई पोर्टल पर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, वहां सुनवाई न होने पर उन्होंने उच्चाधिकारियों की शरण ली। पीड़ित ने बताया कि पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में एक समझौता भी हुआ था। इसके बावजूद उन्हें न तो जमीन वापस मिली और न ही उनके रुपये लौटाए गए।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक भारती ने मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पुलिस को प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई के निर्देश दिए। थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि बालकृष्ण पोरवाल की तहरीर के आधार पर मुख्य आरोपी समेत चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने पुष्टि की कि इस मामले में जांच शुरू कर दी गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X