Auraiya News:दिवाली पर घर आए बीटेक छात्र की करंट से मौत – B.tech Student Who Returned Home For Diwali Dies From Electric Shockg
कुदरकोट (औरैया)। दिवाली की छुट्टियों में घर आए बीटेक के छात्र की शुक्रवार शाम विद्युत करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब युवक घर की छत पर किसी काम में लगा था।
गांव वैवाह निवासी धर्मेंद्र पाल का छोटा बेटा अर्पित पाल दिल्ली में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था। दिवाली की छुट्टियों में वह घर आया था। शुक्रवार शाम करीब 5:30 बजे अर्पित घर की छत पर किसी काम में लगा था। इसी दौरान वह अज्ञात कारणों से विद्युत करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गया। बताया जाता है कि घर के पास से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन बिजली लाइन गुजर रही है। आशंका जताई जा रही है कि इसी लाइन की चपेट में आने से हादसा हुआ। अर्पित दो भाइयों में छोटा था। जिस बेटे के भविष्य को संवारने के लिए परिवार ने सपने देखे थे, उसकी अचानक मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। दिवाली पर घर लौटे छात्र की मौत से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
