एरवाकटरा। जयसिंहपुर कनक गांव में बुखार और डेंगू की चपेट में लोग आए थे। इस संबंध में खबर मंगलवार को अमर उजाला में प्रमुखता से प्रकाशित हुई। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। मंगलवार को विभाग की टीम गांव पहुंची। टीम ने बीमार लोगों की जांच की और 29 मरीजों के रक्त के नमूने लिए।
टीम में शामिल हेल्थ सुपरवाइजर प्रदीप कुमार, लैब टेक्नीशियन सत्यम, ब्लॉक हेल्थ एजुकेटर (बीएचडब्ल्यू) दिनेश कुमार और संदीप कुमार ने गांव पहुंचकर बुखार से पीड़ित लोगों की जानकारी एकत्र की। उन्होंने 29 मरीजों के रक्त के नमूने जांच के लिए एकत्र किए। मंगलवार दोपहर को दो स्वच्छता कर्मियों ने भी गांव में काम किया। उन्होंने गांव की नालियों, किनारे खड़ी झाड़ियों और अन्य प्रमुख स्थानों पर टेमीफोस दवा का छिड़काव किया। इससे ग्रामीणों को बीमारी के प्रकोप से राहत मिलने की उम्मीद जगी है।