Azamgarh News:एनपीके की बोरी 700 रुपये महंगी, रबी की खेती पर बढ़ेगा बोझ – Npk Bags Become Costlier By Rs 700, Increasing The Burden On Rabi Crops
धान की कटाई के बाद खेतों में बची नमी का लाभ उठाकर किसान तुरंत जोताई के बाद रबी फसलों की बोआई करते हैं। आलू और सरसों की बोआई भी शुरू हो चुकी है।
इस बार सीजन से पहले एनपीके खाद के बढ़े दामों ने किसानों को झटका दिया है। प्रति बोरी 700 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है। इससे खेती की लागत बढ़नी तय है।
कृषि विभाग के आंकड़ों के अनुसार, रबी सीजन के लिए जिले में 91 लाख 42 हजार क्विंटल एनपीके खाद उपलब्ध है। इसमें इफको का एनपीके 29 लाख 83 हजार क्विंटल है। बिक्री की स्थिति देखें तो निजी और सहकारी समितियों से किसान 3,690-3,690 क्विंटल खाद उठा चुके हैं, लेकिन इस बार पिछले सीजन की तुलना में खाद के दाम काफी अधिक हैं।
हालांकि, इस बार पिछले सीजन की तुलना में खाद के दाम काफी अधिक हैं। पिछले साल 50 किलो की एनपीके बोरी 1400 से 1450 रुपये में मिल रही थी, जो इस बार बढ़कर 2100 से 2150 रुपये तक पहुंच गई है। यानी प्रति बोरी 700 रुपये तक की बढ़ोतरी हुई है।
जिले में इस बार रबी का आच्छादन लक्ष्य 2,95,653 हेक्टेयर है, जिसमें से 2,18,148 हेक्टेयर में गेहूं की बोआई की जानी है। धान की कटाई के बाद खेतों में नमी बनी हुई है, जो गेहूं की बोआई के लिए अनुकूल है, लेकिन खाद की महंगाई ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
किसान रामदरश यादव, विजय सिंह और राम उजागिर वर्मा ने कहा कि इससे खेती की लागत बढ़ जाएगी, जबकि किसानों को उपज का उचित मूल्य नहीं मिल पाता।
बोआई के समय एनपीके जरूरी होता है। इसकी महंगाई से लागत बढ़ जाएगी और मुनाफा घटेगा। किसानों की आय दोगुनी करने की बात करने वाली सरकार को एनपीके के दाम पर सब्सिडी बढ़ानी चाहिए। एक साल में इतने दाम नहीं बढ़ने चाहिए। -श्रीनाथ यादव टोपी, किसान, अहरौला
फोटो संख्या- 26
जिले में पर्याप्त मात्रा में डीएपी और एनपीके की उपलब्धता की बात की जाती है, लेकिन समितियों पर खाद उपलब्ध नहीं है। जहां उपलब्ध है, वहां सचिवों की हड़ताल के कारण खाद नहीं मिल पा रही है। किसानों को निजी दुकानों पर अधिक मूल्य चुकाना पड़ता है। -सोनू राय, किसान, बरदह
जिले में एनपीके खाद की कमी नहीं है। कुल 91 लाख 42 हजार क्विंटल एनपीके उपलब्ध है। अभी इसकी मांग नहीं है, क्योंकि बोआई शुरू नहीं हुई है। सभी को निर्धारित दर पर ही उर्वरक बेचने का निर्देश दिया गया है। अगर कहीं से ओवररेटिंग की शिकायत आती है तो उस पर कार्रवाई की जाएगी। -सदानंद चौधरी, जिला कृषि अधिकारी
