जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के अशरफपुर गांव में युवक की मौत के मामले में उसकी मां ने दो युवकों पर हत्या का आरोप लगाया है। पीड़ित मां माधुरी ने आरोप लगाया कि दोनों युवक 26 नवंबर की शाम उसके बेटे प्रियांशु कन्नौजिया को ट्रैक्टर चलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे।
बाद में उसकी हत्या कर शव नहर किनारे खेत में फेंक दिया। शुक्रवार को उन्होंने पुलिस अधीक्षक समेत मुख्यमंत्री को प्रार्थनापत्र भेजकर मामले की जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
अशरफपुर गांव निवासी माधुरी पत्नी स्व. हरिश्चंद्र कन्नौजिया ने बताया कि 26 नवंबर की शाम करीब सात बजे गांव के मिस्टर और कैफ उनके बेटे प्रियांशु को ट्रैक्टर चलाने के बहाने घर से बुलाकर ले गए थे। रात करीब दो बजे उन्हें सूचना मिली कि बेटे का शव नहर किनारे खेत में पड़ा है।
इसके बाद उन्होंने डायल 112 पर सूचना दी। आरोप है कि सूचना पर जीयनपुर थाने की पुलिस और डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। माधुरी ने प्रार्थनापत्र में खुद को गरीब, अनुसूचित जाति की विधवा और असहाय महिला बताते हुए न्याय की गुहार लगाई है।
उन्होंने पुलिस अधीक्षक आजमगढ़, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश और मुख्यमंत्री को भी प्रार्थनापत्र की प्रतिलिपि भेजी है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि घटना को संज्ञान में लेते हुए आरोपी मिस्टर और कैफ के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

मृतक प्रियांशु कन्नौजिया की फाइल फोटो। स्रोत-परिजन