रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:पांच लाख से अधिक श्रद्धालु आज 1044 घाटों पर देंगे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य – More Than Five Lakh Devotees Will Offer Prayers To The Setting Sun At 1044 Ghats Today
आज़मगढ़

Azamgarh News:पांच लाख से अधिक श्रद्धालु आज 1044 घाटों पर देंगे अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य – More Than Five Lakh Devotees Will Offer Prayers To The Setting Sun At 1044 Ghats Today

November 15, 2026


लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक शनिवार को चरम पर पहुंच गई। रविवार को शहर में पांच लाख से अधिक श्रद्धालु 1044 छोटे-बड़े घाटों पर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देंगे। इसे लेकर घाटों की सफाई, सजावट, रोशनी और सुरक्षा के इंतजाम पूरे कर लिए गए हैं।

शनिवार को व्रती महिलाओं ने खरना की परंपरा निभाते हुए छठी मैया को गुड़ की खीर और रोटी का भोग लगाया तथा 36 घंटे के निर्जला व्रत का संकल्प लिया। तमसा नदी के तट पर बने घाट रंग-बिरंगी झालरों और रोशनी से जगमगा उठे हैं। सोमवार सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाएं व्रत का पारण करेंगी।

शनिवार की शाम व्रती महिलाओं ने स्नान कर नए वस्त्र धारण किए। शुद्धता और पवित्रता का ध्यान रखते हुए मिट्टी के नए चूल्हे पर आम की लकड़ियों से गुड़ की खीर और घर में तैयार आटे की रोटियां बनाईं। छठी मैया को भोग लगाने के बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला उपवास शुरू किया।

इस दौरान घरों में छठी मैया के मंगल गीत गूंजते रहे। रविवार को व्रती महिलाएं फल, फूल, गन्ना, ठेकुआ और अन्य पूजन सामग्री दउरा व सुपेली में सजाकर घाटों पर पहुंचेंगी। वहां विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी।

अर्घ्य देने के लिए शहर में तमसा नदी किनारे बने गौरीशंकर घाट, कदम घाट, दलाल घाट, एकलव्य घाट, मोहठी घाट, रामघाट और राजघाट सहित अन्य सरोवरों को सजाया गया है।

कदम घाट और गौरीशंकर घाट पर कई दिनों से चल रहा रंगाई-पुताई का काम शनिवार शाम तक पूरा कर लिया गया। घाटों पर रंग-बिरंगी झालरें और लाइटें लगाई गई हैं। शाम होते ही रोशनी से सरोवर जगमगा उठे। नगर पालिका और संबंधित विभागों की ओर से घाटों की सफाई और अन्य व्यवस्थाएं पूरी की गई हैं।

000

सुरक्षा में दो एएसपी, आठ सीओ सहित 2500 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती

आजमगढ़। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। जिले के 1044 घाटों और प्रमुख स्थानों पर दो अपर पुलिस अधीक्षक, आठ पुलिस उपाधीक्षक, 19 निरीक्षक, 321 उपनिरीक्षक, 313 मुख्य आरक्षी और 1521 आरक्षियों की ड्यूटी लगाई गई है। इसके अलावा 18 महिला उपनिरीक्षक, आठ महिला मुख्य आरक्षी और 174 महिला आरक्षियों को भी तैनात किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था के लिए दो सुपर जोन, छह जोन और 25 सेक्टर बनाए गए हैं। दो कंपनी पीएसी के साथ 739 होमगार्ड और पीआरडी जवान भी तैनात रहेंगे। आपात स्थिति से निपटने के लिए पांच फायर टेंडर लगाए गए हैं। घाटों और आसपास के क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, जो अराजकतत्वों और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखेंगे।

00

छठ घाटों पर खोया-पाया केंद्र और पुलिस सहायता बूथ स्थापित

आजमगढ़। छठ पूजा को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने जिले के सभी छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधा के व्यापक इंतजाम किए हैं। श्रद्धालुओं की मदद के लिए घाटों पर खोया-पाया केंद्र और पुलिस सहायता बूथ स्थापित किए गए हैं। इनके माध्यम से किसी व्यक्ति के बिछड़ने या अन्य परेशानी होने पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में किए गए इन इंतजामों के तहत छठ घाटों पर साउंड सिस्टम भी लगाए गए हैं। इनके माध्यम से सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों और जागरूकता संदेशों का लगातार प्रसारण किया जा रहा है। श्रद्धालुओं को निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने और सतर्क रहने के लिए जागरूक किया जा रहा है। संवाद

00 वर्जन

छठ महापर्व को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिले के सभी 1044 छोटे-बड़े घाटों पर व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मियों और पीएसी की तैनाती की गई है। ड्रोन कैमरों से निगरानी के साथ सादे कपड़ों में भी पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। खोया-पाया केंद्र और पुलिस सहायता बूथ भी स्थापित किए गए हैं। सभी पुलिस अधिकारियों और थाना प्रभारियों को लगातार भ्रमणशील रहकर सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। – मानुष पारीक, एसपी सिटी आजमगढ़।

छठ को लेकर गौरी शंकर घाट पर सजावट करते लोग। संवाद

छठ को लेकर गौरी शंकर घाट पर सजावट करते लोग। संवाद

छठ को लेकर गौरी शंकर घाट पर सजावट करते लोग। संवाद

छठ को लेकर गौरी शंकर घाट पर सजावट करते लोग। संवाद

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X