अहरौला थाना क्षेत्र के भंवरूपुर गांव का एक युवक बहरीन एयरपोर्ट पर उतरने के बाद से लापता हो गया है। सऊदी अरब में रोजगार के लिए जा रहे सौरभ राय (35) का परिवार से संपर्क टूट गया है। परिजनों ने विदेश मंत्रालय सहित स्थानीय प्रशासन से उनकी सकुशल बरामदगी की मांग की है।
सौरभ राय 29 अक्तूबर को मुंबई से उड़ान भरकर बहरीन एयरपोर्ट पहुंचे थे। एयरपोर्ट पहुंचने के बाद उन्होंने परिवार से फोन पर बात भी की थी। उनके भाई ऋषभ राय के अनुसार, इसके बाद से सौरभ से कोई संपर्क नहीं हो पाया है। वह अपने कार्यस्थल अल-कतीफ, दम्माम (सऊदी अरब) भी नहीं पहुंचे हैं। कार्यस्थल के प्रबंधक से संपर्क करने पर भी कोई जानकारी नहीं मिली है।
सौरभ राय दो महीने पहले ही छुट्टी पर घर लौटे थे। यह उनकी सऊदी अरब की तीसरी यात्रा थी। परिवार ने विदेश मंत्रालय को कई ईमेल भी भेजे हैं, लेकिन अभी तक कोई संतोषजनक परिणाम नहीं मिला है।
सौरभ के भाई ऋषभ राय ने 12 नवंबर को मंडलायुक्त, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र दिया। उन्होंने विदेश मंत्रालय से समन्वय स्थापित करने की मांग की है।
00 वर्जन
मामला संज्ञान में है। पुलिस के स्तर से सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। अहरौला थाने का संबंधित स्टाफ सौरभ के परिवार के संपर्क में है। गृह मंत्रालय और विदेश मंत्रालय से समन्वय के लिए आवश्यक पत्र व्यवहार किया जा रहा है। -विजय सिंह गौर, सीओ बूढ़नपुर।