शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Azamgarh News:मेगा कैंप में लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ – Beneficiaries Received The Benefits Of Various Schemes At The Mega Camp
आज़मगढ़

Azamgarh News:मेगा कैंप में लाभार्थियों को मिला योजनाओं का लाभ – Beneficiaries Received The Benefits Of Various Schemes At The Mega Camp

November 1, 2026


Beneficiaries received the benefits of various schemes at the mega camp.

दीवानी न्यायालय परिसर में मेगा कैंप में शामिल लोग। स्रोत-सूचना विभाग
– फोटो : सांकेतिक

शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के उद्देश्य से रविवार को दीवानी न्यायालय परिसर में मेगा कैंप का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विभागों की योजनाओं के माध्यम से करीब 878 लाभार्थियों को लाभान्वित किया गया। कैंप में कुल 34 विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए थे।

मेगा कैंप का शुभारंभ दीवानी न्यायालय के हॉल ऑफ जस्टिस में जिला जज जयप्रकाश पांडेय ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि मेगा कैंप का मुख्य उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे, इसके लिए विभागों को गंभीरता से प्रयास करना चाहिए। शुभारंभ के बाद जिला जज और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण किया। उन्होंने लाभार्थियों से बातचीत कर योजनाओं के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान जिला जज, एसपी सिटी मानुष पारीक और अन्य न्यायिक अधिकारियों ने लाभार्थियों को प्रमाणपत्र और प्रतीकात्मक चेक वितरित किए।

दिव्यांगजनों को ट्राईसाइकिल भी प्रदान की गई। मेगा कैंप में स्वास्थ्य विभाग की ओर से स्वास्थ्य जांच शिविर भी लगाया गया था। इसमें कई न्यायिक अधिकारियों ने शुगर और ब्लड प्रेशर की जांच कराई। इसके अलावा नेत्र परीक्षण शिविर के माध्यम से लोगों की आंखों की जांच की गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव अंकित वर्मा ने बताया कि मेगा कैंप के माध्यम से विभिन्न विभागों की योजनाओं से पात्र लोगों को लाभान्वित किया गया। इस अवसर पर डीडीओ संजय कुमार, अपर जिला जज विजय कुमार वर्मा, ओम प्रकाश मिश्रा, अजय श्रीवास्तव, बालकृष्ण एन. रंजन, अनुपम कुमार त्रिपाठी, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट सत्यवीर सिंह, सिविल जज सीनियर डिवीजन रश्मि चंद सहित अन्य न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X