Azamgarh News:शिक्षकों के अनुभव प्रमाणपत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने पर प्रधानाचार्य निलंबित – Principal Suspended For Failing To Sign Teachers’ Experience Certificates
एसकेपी इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह को शिक्षकों के अनुभव प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर नहीं करना भारी पड़ गया। जिला विद्यालय निरीक्षक की संस्तुति के बाद कॉलेज के प्राधिकृत नियंत्रक मनोज कुमार ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। प्रधानाचार्य पर उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना, पद के दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता और प्रशासनिक अनुशासनहीनता का आरोप लगाया गया है। निलंबन के साथ ही उनके खिलाफ विभागीय जांच की कार्रवाई भी शुरू की जाएगी।
कॉलेज के प्रवक्ता आलोक कुमार सिंह, सुभाष चंद्र यादव, रईस अहमद और जितेंद्र बहादुर सिंह ने 19 नवंबर को शिकायत की थी कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज की ओर से विज्ञापित प्रधानाचार्य पद पर आवेदन करने के लिए उन्हें अनुभव प्रमाणपत्र की आवश्यकता थी। आरोप है कि प्रधानाचार्य बृजेश कुमार सिंह ने विभिन्न कारणों का हवाला देते हुए उनके अनुभव प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर नहीं किए। इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक स्तर से भी प्रधानाचार्य को प्रमाणपत्रों पर हस्ताक्षर करने का निर्देश दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद आदेश का अनुपालन नहीं किया गया। निलंबन आदेश में कहा गया है कि प्रधानाचार्य का यह कृत्य प्रथम दृष्टया उनके पद के दायित्वों के प्रति उदासीनता और उच्चाधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना को दर्शाता है। इससे संबंधित शिक्षकों के सेवा हितों और उनके अधिकारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की स्थिति उत्पन्न हुई। प्राधिकृत नियंत्रक मनोज कुमार ने उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा अधिनियम 1921 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रधानाचार्य को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि आरोपपत्र अलग से जारी कर जांच की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
