Baghpat News:ट्रक और पिकअप की भिड़ंत में चालक की मौत, हेल्पर घायल – Crime News
रटौल। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रटौल अंडरपास के पास रविवार की सुबह किनारे खड़े ट्रक और पिकअप में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में पिकअप चालक अर्शप्रीत उर्फ रमन (20) निवासी जोधनगरी अमृतसर पंजाब की मौत हो गई, जबकि उनका साथी गुरप्रीत सिंह घायल हो गए। हादसे के बाद चालक अपना ट्रक लेकर वहां से भाग गया।
अमृतसर के रहने वाले आकाशदीप ने बताया कि अर्शप्रीत सिंह अपने हेल्पर गुरप्रीत सिंह के साथ पिकअप गाड़ी लेकर बरेली गए थे। बरेली से प्लाई लादकर दोनों वापस अमृतसर आ रहे थे। रविवार की सुबह ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे पर रटौल अंडरपास के पास पहुंचे तो किनारे खड़े ट्रक से उनकी पिकअप गाड़ी भिड़ गई। इस हादसे में अर्शप्रीत और गुरप्रीत क्षतिग्रस्त केबिन में फंस गए। हादसे के बाद वहां आए लोगों और पुलिसकर्मियों ने दोनों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। घायलों को अस्पताल ले जाने लगे, लेकिन अर्शप्रीत की रास्ते में मौत हो गई। घायल गुरप्रीत का जिला अस्पताल में उपचार कराया गया। सीओ रोहन चौरसिया का कहना है कि ट्रक का पता लगाने के लिए कैमरों की फुटेज देखी जा रही है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
परिवार के इकलौते बेटे थे अर्शप्रीत
आकाशदीप ने बताया कि अर्शप्रीत अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। कई साल पहले पिता की मौत होने के बाद अपनी मां के साथ रह रहे थे। अर्शप्रीत की मौत होने से परिवार में उनकी मां अकेली रह गई हैं।
