Baghpat News:मुठभेड़ में भागा 25 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार – Crime News
खेकड़ा। पुलिस मुठभेड़ में अगस्त में बचकर भागने वाले 25 हजार रुपये के इनामी फिरोज निवासी किला मोड़ जिला गाजियाबाद को पुलिस ने कस्बे के खेतों के रास्ते से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद उसे मंगलवार को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
तार चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के सदस्यों के साथ पुलिस की 29 अगस्त को मुठभेड़ हो गई थी। वहां पैर में गोली लगने से घायल बदमाश रिजवान निवासी कमालपुर जिला हापुड़ को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके तीन साथी बचकर भाग गए थे। बचकर भागने वाले आरोपियों में शामिल फिरोज पर एसपी ने 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। सीओ रोहन चौरसिया ने बताया कि मुठभेड़ में भागने वाले फिरोज को गिरफ्तार उसकी निशानदेही पर मुठभेड़ में प्रयुक्त तमंचा बरामद किया गया। उसके खिलाफ 12 मामले दर्ज हैं। संवाद
