मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bahraich News:ढाई महीने बाद नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर दौड़ीं ट्रेनें – Trains Resumed Running On The Nanpara-mailani Rail Section After Two And A Half Months
बहराइच

Bahraich News:ढाई महीने बाद नानपारा-मैलानी रेल प्रखंड पर दौड़ीं ट्रेनें – Trains Resumed Running On The Nanpara-mailani Rail Section After Two And A Half Months

November 17, 2026


नानपारा/बिछिया। करीब ढाई महीने के इंतजार के बाद सोमवार से नानपारा-मैलानी मीटरगेज रेल प्रखंड पर ट्रेनों का संचालन बहाल हो गया। पहले दिन मैलानी से नानपारा के बीच दो ट्रेनों का संचालन हुआ। हालांकि, नानपारा से मैलानी के लिए कोई ट्रेन नहीं चलाई गई। रेल सेवा शुरू होने से दैनिक यात्रियों ने राहत की सांस ली।

भीरा खीरी-पलियाकलां के बीच पुराने रेल कटान स्थल पर जलरिसाव के कारण सुरक्षा की दृष्टि से ट्रेनों का संचालन बंद कर दिया गया था। सोमवार को पहली ट्रेन (संख्या 52264) मैलानी से निर्धारित समय सुबह 11:45 बजे के बजाय 11:55 बजे बिछिया स्टेशन पहुंची। पांच मिनट ठहराव के बाद दोपहर 12 बजे निशानगाड़ा के लिए रवाना हो गई।

पहले दिन बिछिया स्टेशन से करीब 24 यात्री मिहींपुरवा, रायबोझा और नानपारा के लिए ट्रेन में सवार हुए। दूसरी ट्रेन (संख्या 52262) दोपहर तीन बजे बिछिया स्टेशन से होकर नानपारा के लिए रवाना हुई।

रेल सेवा बहाल होने पर बिछिया में समाजसेवी जंग हिंदुस्तानी, सोनू खान, सुशील गुप्ता, सरोज यादव, फरीद अंसारी, रवि चौहान और रवि सोनी ने रेल विभाग का आभार जताया।

मैलानी से ट्रेन से नानपारा पहुंचे संजय, जयप्रकाश साहू, रामचंद्र और बबलू ने कहा कि रेल सेवा शुरू होने से आवागमन में काफी सुविधा मिलेगी। नानपारा के स्टेशन अधीक्षक हरिकृष्ण मिश्रा ने बताया कि करीब ढाई महीने बाद ट्रेनों का संचालन शुरू हुआ है।

इस रेलखंड पर मैलानी से नानपारा के बीच दो जोड़ी ट्रेनों का संचालन होता है। इसके अलावा पर्यटन के लिहाज से प्रत्येक शनिवार और रविवार को मैलानी से बिछिया के बीच एक जोड़ी विस्टाडोम ट्रेन भी चलाई जाती है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X