रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बहराइच

Bahraich News:मछली पकड़ने निकला युवक घाघरा बैराज में डूबा, मौत – Youth Out Fishing Drowns At Ghaghara Barrage; Dies

November 25, 2026


बिछिया। घाघरा बैराज पर मछली पकड़ने निकला युवक सोमवार शाम बैराज पर डूब गया था। गेट नंबर चार के पास उसकी बाइक, चप्पल, जाल और झोला मिलने के बाद से परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। डूबने की आशंका पर गोताखोरों ने मंगलवार सुबह तलाश शुरू की तो बैराज से करीब 200 मीटर दूर डाउन स्ट्रीम में युवक का शव बरामद हुआ। शव मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।

सुजौली थाना क्षेत्र के चहलवा ग्राम पंचायत के सिरसिन पुरवा गांव निवासी सदानंद (40) सोमवार सुबह नौ बजे घर से घाघरा बैराज पर मछली पकड़ने के लिए निकला था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शाम करीब पांच बजे बैराज के गेट नंबर चार के पास उसका सामान मिला। इस पर सदानंद की पत्नी ने थाने में तहरीर देकर अनहोनी की आशंका जताई थी।

पुलिस ने लोगों से पूछताछ की तो युवक के बैराज में डूबने की आशंका जताई जाने लगी। लेकिन अंधेरा होने के चलते सोमवार को बचाव कार्य नहीं हो सका। मंगलवार सुबह करीब आठ बजे परिजनों ने पुलिस की मदद से स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू करवाई लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद बैराज से 200 मीटर दूर डाउन स्ट्रीम में सदानंद का शव मिला।

पूर्व प्रधान जाहिद खान का कहना है कि मछली पकड़ने के दौरान सदानंद शायद शौच के लिए नदी की ढलान की ओर गया था, जहां पैर फिसलने से डूबने की आशंका है। उसकी बाइक भी डाउन स्ट्रीम की ओर खड़ी मिली है। थानाध्यक्ष रामगोविंद वर्मा ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सदानंद गांव में दर्जी का काम करता था। परिवार में पत्नी दुक्खा देवी, बेटी प्रियांशी (10) और बेटा कार्तिक (5) हैं। सदानंद की मौत के बाद परिवार बेसहारा हो गया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X