बुधवार, 18 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बहराइच

Bahraich News:शिकायतों के बाद शिवपुर ब्लॉक से हटाए गए बीडीओ – Bdo Removed From Shivpur Block Following Complaints

November 18, 2026


बहराइच। शिवपुर ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी आलोक कुमार वर्मा को लगातार मिल रहीं शिकायतों के बाद वहां से हटा दिया गया है। जिलाधिकारी के अनुमोदन पर मुख्य विकास अधिकारी सुनील कुमार धनवंता ने सोमवार को आठ खंड विकास अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में फेरबदल करते हुए आदेश जारी किया। आलोक कुमार को शिवपुर से हटाकर विशेश्वरगंज का बीडीओ बनाया गया है, जबकि विशेश्वरगंज में तैनात अपर्णा को शिवपुर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

बीडीओ आलोक कुमार वर्मा के खिलाफ तीन नवंबर को ब्लॉक प्रमुख सरिता यज्ञसेनी ने जिलाधिकारी को शिकायत भेजकर स्थानांतरण की मांग की थी। आरोप लगाया था कि वीबीजी-रामजी कार्यों की आईडी जारी करने, मजदूरों और मिस्त्रियों के भुगतान तथा पक्के कार्यों में कमीशन मांगा जाता है। ग्राम पंचायतों की जांच के नाम पर वसूली और कर्मचारियों से अभद्र व्यवहार करने की शिकायतें भी की गई थीं।

वहीं शिवपुर के ग्राम पंचायत सचिवों ने सामूहिक शिकायत में मानसिक उत्पीड़न, गाली-गलौज और देर रात वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अपमानजनक भाषा के इस्तेमाल का आरोप लगाया था। कई अन्य आरोप भी लगाए गए थे। सीडीओ द्वारा किए गए तबादलों के क्रम में गैर जिलों से आए बीडीओ श्रद्धा गुप्ता को चित्तौरा, अखिलेश गुप्ता को बलहा, अभय कुमार सिंह को हुजूरपुर, विवेक मणि त्रिपाठी को पयागपुर और अमित यादव को फखरपुर ब्लॉक भेजा है। वहीं, पयागपुर के बीडीओ आशुतोष श्रीवास्तव को नवाबगंज की जिम्मेदारी दी गई है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X