मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Ballia News:छठ के बाद परदेसियों की वापसी शुरू, ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़ – Migrants Begin Their Return Journey After Chhath; Trains See Massive Crowds
बलिया

Ballia News:छठ के बाद परदेसियों की वापसी शुरू, ट्रेनों में उमड़ी भारी भीड़ – Migrants Begin Their Return Journey After Chhath; Trains See Massive Crowds

November 17, 2026


बलिया। छठ महापर्व पर अपनों के बीच खुशियां बांटने घर आए परदेसियों की वापसी शुरू हो गई है। सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन करने के बाद बड़ी संख्या में लोग नौकरी और कामकाज पर लौटने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचे।

दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पंजाब और हरियाणा समेत महानगरों की ओर जाने वाली ट्रेनों में यात्रियों की भारी भीड़ रही। आरक्षित टिकट नहीं मिलने के कारण लोगों को जनरल कोच में सफर करना पड़ रहा है। हालात यह रहे कि कई ट्रेनों के जनरल कोच में पैर रखने तक की जगह नहीं बची।

छठ पर्व पर परिवार के साथ त्योहार मनाने के लिए दूसरे शहरों से बड़ी संख्या में लोग अपने गांव और घर आए थे। रविवार की शाम अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने और सोमवार की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के बाद अब उनकी वापसी शुरू हो गई है।

किसी को कार्यालय पहुंचना है तो किसी को फैक्टरी और निजी संस्थानों में ड्यूटी ज्वाइन करनी है। ऐसे में लोग किसी तरह ट्रेन पकड़कर अपने गंतव्य तक पहुंचने की जद्दोजहद करते नजर आए।

कामायनी और गोंदिया एक्सप्रेस में सबसे ज्यादा भीड़: बलिया रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह सारनाथ, सद्भावना, हरिहरनाथ एक्सप्रेस और साबरमती एक्सप्रेस में यात्रियों की भीड़ रही। सबसे ज्यादा भीड़ कामायनी एक्सप्रेस और गोंदिया एक्सप्रेस में देखने को मिली।

डाउन ट्रेनों से भी बड़ी संख्या में यात्री रवाना हुए। ट्रेनों के स्टेशन पहुंचते ही प्लेटफाॅर्म पर यात्रियों का हुजूम उमड़ पड़ा। स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस समेत लंबी दूरी की अन्य ट्रेनों के जनरल कोच में पहले से ही भारी भीड़ रही। सामान और बच्चों के साथ यात्रा करने वाले परिवारों की मुश्किलें और बढ़ गईं।

वहीं, स्टेशन पर कई व्रती महिलाएं छठ व्रत का पारण करती नजर आईं। दिल्ली जाने वाले जगदीशपुर निवासी मनोज श्रीवास्तव ने बताया कि वह छठ पूजा के लिए परिवार के साथ गांव आए थे। मंगलवार तक काम पर पहुंचना जरूरी है, लेकिन आरक्षित टिकट नहीं मिल सका।

मजबूरी में जनरल टिकट लेकर यात्रा करनी पड़ रही है। वहीं, मुंबई और गुजरात जाने वाले यात्रियों ने बताया कि त्योहार के बाद वापसी की भीड़ के कारण कन्फर्म टिकट मिलना मुश्किल हो गया है। जनरल कोच में इतनी भीड़ है कि बैठना तो दूर, ठीक से खड़ा होना भी मुश्किल हो रहा है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X