मंगलवार, 17 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बलरामपुर

Balrampur News:यूपी बोर्ड ने जारी किए हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के मॉडल प्रश्नपत्र – Up Board Has Released Model Question Papers For High School And Intermediate

November 17, 2026


बलरामपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 की तैयारी कर रहे हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के विद्यार्थियों के लिए अच्छी खबर है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपीएमएसपी) ने बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों के लिए सभी विषयों के मॉडल प्रश्नपत्र अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर जारी कर दिए हैं। विद्यार्थी अब अपनी कक्षा और विषय के अनुसार मॉडल प्रश्नपत्र डाउनलोड कर परीक्षा की तैयारी को बेहतर बना सकते हैं।

जिला विद्यालय निरीक्षक मृदुला आनंद ने बताया कि यूपी बोर्ड की ओर से जारी मॉडल प्रश्नपत्र हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के सभी विषयों के लिए उपलब्ध हैं। इन मॉडल प्रश्नपत्रों के माध्यम से विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्नों के स्वरूप, अंक विभाजन और प्रश्नों के स्तर की जानकारी मिलेगी। इससे विद्यार्थियों को परीक्षा की तैयारी व्यवस्थित करने के साथ ही कमजोर विषयों पर विशेष ध्यान देने में मदद मिलेगी।

विद्यार्थी घर पर ही मॉडल प्रश्नपत्र हल कर अपनी तैयारी का आकलन कर सकेंगे। इनकी मदद से उन्हें यह समझने में आसानी होगी कि परीक्षा में किस प्रकार के प्रश्न पूछे जा सकते हैं। साथ ही, निर्धारित अंकों के अनुसार उत्तर लिखने का अभ्यास भी कर सकेंगे। तय समय में मॉडल प्रश्नपत्र हल करने से विद्यार्थियों की समय प्रबंधन क्षमता विकसित होगी और वास्तविक परीक्षा के दौरान पूरा प्रश्नपत्र हल करने में सहूलियत मिलेगी।

डीआईओएस ने बताया कि विद्यार्थी यूपी बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर जाकर मॉडल प्रश्नपत्र डाउनलोड कर सकते हैं। वेबसाइट पर अपनी कक्षा और विषय का चयन कर संबंधित प्रश्नपत्र प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नियमित अभ्यास से विद्यार्थियों का आत्मविश्वास बढ़ेगा और उन्हें परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन करने में मदद मिलेगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X