Balrampur News:एक साल से टूटा पड़ा है पुल, दर्जनों गांवों के लोगों की बढ़ी मुश्किलें – Bridge Has Been Broken For A Year, Causing Increased Hardship For People In Dozens Of Villages
पिपरहवा चौराहा। रेहरा से हरिहरपुर जाने वाले पीडब्ल्यूडी मार्ग पर स्थित पुल एक साल बाद भी नहीं बन सका है। लंबे समय से पुल की मरम्मत और पुनर्निर्माण नहीं होने से दर्जनों गांवों के लोगों का आवागमन मुश्किल हो गया है। इस मार्ग से रोजाना गुजरने वाले राहगीरों को दुर्घटना का खतरा बना रहता है। दोपहिया वाहन चालक किसी तरह जोखिम उठाकर निकल रहे हैं, जबकि चारपहिया वाहनों के लिए रास्ता पार करना भी चुनौती बना हुआ है।
इस मार्ग से गणेशपुर, होमपुर, इमलिया, रेहरा और भंगहा कला समेत दर्जनों गांवों के लोग प्रतिदिन आवागमन करते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब एक साल पहले पुल टूट गया था। इसके बाद से ही आवागमन प्रभावित है, लेकिन जिम्मेदार विभाग ने अब तक निर्माण कार्य शुरू नहीं कराया है। स्कूली बच्चों, किसानों, नौकरीपेशा लोगों और मरीजों को आने-जाने में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। वहीं, वैकल्पिक रास्तों का सहारा लेने के कारण लोगों को अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है।
स्थानीय निवासी राजकुमार, रियाज अहमद, सुरेंद्र यादव, अकलीम, पंकज तिवारी, पुजारी यादव, विनोद द्विवेदी और अवधेश कुमार ने बताया कि पुल टूटने के बाद से ही लोगों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई बार विभागीय अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि समय रहते पुल का निर्माण नहीं कराया गया तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने संबंधित विभाग से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है।
इस संबंध में पीडब्ल्यूडी के जेई बनारसीराम ने बताया कि पुल निर्माण की कार्ययोजना तैयार कर शासन को भेज दी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
