Balrampur News:23 वार्डों में सड़क निर्माण पर खर्च होंगे 7.85 करोड़ – Rs 7.85 Crore Will Be Spent On Road Construction Across 23 Wards
बलरामपुर। जिले के शहरी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। जिले के पांच नगर निकायों के 23 वार्डों में सड़क और नाली निर्माण पर 7.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत इन वार्डों में सीसी सड़क और आरसीसी नालियों का निर्माण कराया जाएगा। इससे लंबे समय से जर्जर और खराब रास्तों से आवागमन करने वाले मोहल्लेवासियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) की ओर से सड़क और नालियों के निर्माण के लिए पहले ही प्रस्ताव शासन को भेजा जा चुका है। शासन स्तर से 23 वार्डों में सीसी सड़क और आरसीसी नालियों के निर्माण के लिए 7.85 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इसकी पहली किस्त के रूप में करीब 3.93 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना के तहत जिले के पांच नगर निकायों में निर्माण कार्य कराए जाएंगे। सड़कों के निर्माण से शहरी क्षेत्रों की उन बस्तियों के लोगों को विशेष लाभ मिलेगा, जहां बेहतर आवागमन की सुविधा का अभाव है। बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव के कारण लोगों को आने-जाने में होने वाली परेशानियों से भी निजात मिलने की उम्मीद है।
नगर पंचायत पचपेड़वा के वार्ड नंबर दो और 14 तथा नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड नंबर दो और चार में सड़क व नाली का निर्माण कराया जाएगा। नगर पंचायत तुलसीपुर के वार्ड नंबर छह, आठ और 14 के साथ ही कस्तूरबा विद्यालय व रेलवे कॉलोनी में भी नई सड़कें बनाई जाएंगी। इसी तरह नगर पालिका परिषद बलरामपुर के खलवा दक्षिणी, विशुनीपुर रिजर्व, नई बस्ती, तुलसी पार्क, पहलवारा और पूरबटोला तथा नगर पालिका परिषद उतरौला के मोहल्ला आर्यनगर, गांधीनगर और रफीनगर में विकास कार्य कराए जाएंगे।
वर्जन
वार्डों में सीसी सड़क और नालियों का निर्माण होने से मोहल्लेवासियों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। साथ ही जलभराव की समस्या से भी राहत मिलेगी।
लालचंद्र मौर्य, प्रभारी परियोजना अधिकारी
