Balrampur News:एसपी ने साप्ताहिक परेड का किया निरीक्षण, पुलिसकर्मियों की लगवाई दौड़ – Sp Inspected The Weekly Parade And Had The Police Personnel Run
बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने शुक्रवार को रिजर्व पुलिस लाइन में साप्ताहिक परेड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को शारीरिक और मानसिक रूप से स्वस्थ रखने के उद्देश्य से दौड़ लगवाई। साथ ही अनुशासन और एकरूपता बनाए रखने के लिए टोलीवार ड्रिल भी कराई।
एसपी ने परेड में शामिल यूपी-112 वाहनों का निरीक्षण कर उनमें उपलब्ध दंगा नियंत्रण उपकरणों, प्राथमिक उपचार किट और अन्य आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता एवं स्थिति की जांच की। उन्होंने यूपी-112 कर्मियों को आपात परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई करने और रिस्पांस टाइम बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद एसपी ने पुलिस लाइन परिसर का भ्रमण कर स्टोर रूम, क्वार्टर गार्ड, शस्त्रागार, जीडी कार्यालय, कैंटीन, बार्बर शॉप, परिवहन शाखा, आदर्श आरक्षी बैरक, आवासीय परिसर, निर्माणाधीन प्रशिक्षण संस्थान और पुलिस भोजनालय का निरीक्षण किया। भोजनालय में उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और साफ-सफाई की व्यवस्था भी परखी।
एसपी ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को बैरक, आवासीय परिसर समेत पुलिस लाइन के सभी क्षेत्रों में स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय, सीओ ललिया डीके श्रीवास्तव, सीओ नगर अभिषेक सिंह, सीओ यातायात विजय कुमार पांडेय और पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
