शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Balrampur News:प्रधान और पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर न होने से लटका पंचायत भवन का निर्माण – Construction Of Panchayat Building Stalled Due To Lack Of Signatures From The Village Head (pradhan) And Panchayat Members
बलरामपुर

Balrampur News:प्रधान और पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर न होने से लटका पंचायत भवन का निर्माण – Construction Of Panchayat Building Stalled Due To Lack Of Signatures From The Village Head (pradhan) And Panchayat Members

November 8, 2026


बलरामपुर। साहब… पंचायत भवन के लिए जमीन का चयन हो गया है। लेखपाल ने प्रस्ताव भी तैयार कर दिया, लेकिन प्रधान और पंचायत सदस्यों के हस्ताक्षर न होने से निर्माण की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही है। चयनित जमीन पर ईंटों के चट्टे रखे हुए हैं। शनिवार को सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में यह शिकायत लेकर पहुंचे ग्रामीणों ने अधिकारियों के सामने अपनी समस्या रखी। इसके अलावा चकमार्ग पर कब्जे, गांवों की सीमा के पत्थर उखाड़ने और निजी जमीन पर जबरन निर्माण कराने की आशंका से जुड़ी शिकायतें भी सामने आईं।

कटकुइया गांव के दिलेराम यादव और बच्चाराम पाल ने बताया कि पंचायत भवन के लिए गाटा संख्या 1006 की भूमि सुरक्षित है, लेकिन उस पर राजस्व संहिता की धारा 67 के तहत वाद विचाराधीन है। ऐसे में उपजिलाधिकारी के निर्देश पर ग्राम प्रधान, ग्राम्य विकास अधिकारी और लेखपाल ने गाटा संख्या 314 में 0.045 हेक्टेयर जमीन का चयन किया। लेखपाल ने ग्रामसभा का प्रस्ताव भी तैयार कर दिया, लेकिन अब प्रधान और पंचायत सदस्य उस पर हस्ताक्षर और अंगूठा निशान नहीं लगा रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि चयनित जमीन पर प्रधान और कुछ अन्य लोगों के ईंटों के चट्टे रखे हुए हैं। इसी वजह से प्रस्ताव आगे नहीं बढ़ पा रहा है। उन्होंने पंचायत भवन निर्माण के लिए आवश्यक कार्रवाई कराने की मांग की।

ललिया गांव की गंगाजली उर्फ गंगावती ने गांव की सीमा और चकमार्ग पर अतिक्रमण की शिकायत की। उन्होंने बताया कि ललिया और मगरा कोहल गांव की सरहद पर स्थित गाटा संख्या 857 के सीमा चिह्न और पत्थर नष्ट कर दिए गए हैं। वहीं, गाटा संख्या 855 के चकमार्ग पर भी कब्जा कर लिया गया है। उन्होंने सीताराम और रामजीयावन पर अतिक्रमण का आरोप लगाते हुए दोनों गांवों की सीमा का सीमांकन कराने, चकमार्ग से कब्जा हटवाने और नए सीमा पत्थर लगवाने की मांग की।

विशुनापुर गांव की गरीबुन निशा ने गाटा संख्या 513 की जमीन पर जबरन कब्जा कर मकान निर्माण कराए जाने की आशंका जताई। उन्होंने प्रार्थना पत्र में बताया कि संबंधित भूमि उनकी संक्रमणीय भूमिधरी है। इसके बावजूद कुछ लोग जमीन पर कब्जा कर निर्माण कराना चाहते हैं। उन्होंने अधिकारियों से जमीन की सुरक्षा सुनिश्चित कराने और जबरन निर्माण रोकने की मांग की।

संयुक्त टीम करेगी भूमि विवादों की जांच

तहसील उतरौला में जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन और पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। डीएम ने भूमि विवाद से जुड़े मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जांच कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व अभिलेखों और मौके की स्थिति का मिलान कर निष्पक्ष तरीके से शिकायतों का निस्तारण किया जाए। शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।

समाधान दिवस के दौरान कुछ शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। इस अवसर पर डीएम ने दीपावली के उपलक्ष्य में नगर पालिका के सफाई कर्मियों और तहसील कर्मचारियों को मिठाई और उपहार वितरित किए।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X