बलरामपुर। बैंकों, डाकघरों और जनसेवा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था परखने के लिए शुक्रवार को जिलेभर में पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान वित्तीय संस्थानों के अंदर और आसपास मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच की गई। साथ ही बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया गया।
पुलिस अधीक्षक मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि सभी थाना प्रभारियों, चौकी प्रभारियों और मिशन शक्ति टीम ने अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान चलाया। पुलिस टीमों ने बैंकों और डाकघरों में लगे सीसीटीवी कैमरों, फायर अलार्म सहित अन्य सुरक्षा उपकरणों की कार्यशीलता की जांच की। बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को सतर्क रहने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बैंकों और अन्य वित्तीय संस्थानों में मौजूद लोगों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके भी बताए गए। पुलिस ने सुरक्षित बैंकिंग के उपायों की जानकारी देते हुए लोगों से किसी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की।