Bareilly News:प्रेम-प्रसंग में हुए फायरिंग के मामले में तीसरा आरोपी गिरफ्तार – Third Accused Arrested In Love Affair Firing Case
आंवला। पिछले माह प्रेम-प्रसंग की रंजिश में हुई मारपीट और सड़क पर घसीटने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। मोहल्ला लठैता निवासी आरोपी गौरव सिंह (26) को मंगलवार को अब्दुल कलाम पार्क से पकड़ा गया। कोर्ट ने उसको जेल भेजा है। इस मामले में दो आरोपियों को पहले ही जेल भेजा जा चुका है।
सीओ आंवला हेमंत उपाध्याय ने बताया कि 17 अक्तूबर को मोहल्ला लठैता में मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।
गौरव ने पूछताछ में बताया कि उसके चचेरे भाई तरुण का एक युवती से प्रेम-प्रसंग था। 15 अक्तूबर को दोनों बरेली स्थित मॉल गए थे, जिसके बाद मोहित गुप्ता ने तरुण से मारपीट की थी। इस संबंध में थाना बिथरी चैनपुर में रिपोर्ट भी दर्ज हुई थी। मोहित गुप्ता ने मोहल्ले में गाली-गलौज की तो गौरव ने अपने चचेरे भाई तरुण और अन्य साथियों के साथ मिलकर मोहित व सुमित गुप्ता से मारपीट की योजना बनाई। गौरव ने मारपीट में शामिल होना स्वीकार किया है। इस घटना में हुई फायरिंग में बुजुर्ग सज्जाद अहमद की गोली लगने से मौत हो गई थी।
