शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बस्ती

Basti News:रात में कराया महिला शिक्षक का अंतिम संस्कार…नाबालिग समेत तीन गिरफ्तार – Last Rites Of Female Teacher Performed At Night… Three Arrested, Including A Minor

November 11, 2026


बस्ती। कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में खूनी संघर्ष में महिला शिक्षक की मौत के बाद पुलिस ने रिश्तेदारों की मदद से पोस्टमार्टम के बाद देर रात गांव के निकट सरयू नदी के माझा खुर्द घाट पर अंतिम संस्कार करा दिया।

बड़े बेटे अखिलेश ने मुखाग्नि दी। बुधवार को नाबालिग एवं मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गंभीर रूप से घायल मृतका के पति का इलाज लखनऊ में चल रहा है। दोनों के दरवाजे पर पुलिस तैनात है।

महिला शिक्षक सुधा यादव के घर बुधवार को मातम पसरा था। वह गोंडा अपने तैनाती स्थल से त्योहार मनाने कुछ दिन पहले घर आई थी। दिवाली के ठीक दो दिन बाद मंगलवार की सुबह गांव के ही विपक्षियों से खूनी संघर्ष हो गया।

पति-पत्नी और उनके दोनों बच्चे घायल हो गए। महिला शिक्षक सुधा की जिला अस्पताल में इलाज के दौरान उसी दिन मौत हो गई। पति सुधाशंकर को मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

बेटा अखिलेश और बेटी अन्नू जिला अस्पताल में भर्ती हैं। परिवार के अन्य सदस्य घायलों का इलाज कराने गए हुए थे। बुधवार को कुछ रिश्तेदार घर पर पहुंचे थे। दिन भर पुलिस की आवाजाही बनी रही। गांव में तनाव का माहौल बरकरार है। थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अधिक चोट लगने के कारण महिला शिक्षक की मौत हुई है। मामले में मृतका के बेटे अखिलेश यादव की तहरीर पर थाना क्षेत्र के बैजलपुर गांव की लक्ष्मी एवं ताहिरपुर गांव निवासी आलोक यादव, आदर्श, प्रेमचंद्र, भंगुरा गांव के रहने वाले दीनानाथ गोस्वामी व कुछ अज्ञात के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को भोर में 2:30 बजे मुखबिर की सूचना पर कलवारी एहतमाली गांव के मोड़ से मुख्य आरोपी लक्ष्मी यादव व उनकी नाबालिग बेटी तथा आलोक यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से लक्ष्मी और आलोक को जेल भेज दिया गया। नाबालिग को बाल संरक्षण गृह भेजे जाने की प्रक्रिया अपनाई गई।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X