शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
भिवानी

Bhiwani News:नहरी पानी के समान बंटवारे की मांग, किसानों ने एक्सईएन को सौंपा ज्ञापन – Farmers Submit Memorandum To Xen, Demanding Equitable Distribution Of Canal Water

November 20, 2026


भिवानी। गांव सेहर, ढाणा जोगी, नांगल, पाजू और ढाणी लालपुर के किसानों ने नहरी पानी की सुनिश्चित आपूर्ति और समान बंटवारे की मांग को लेकर लोहारू सिंचाई विभाग के एक्सईएन राकेश कुमार को ज्ञापन सौंपा। इस दौरान दर्जनों किसान और महिलाएं मौजूद रहीं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में भूमिगत जलस्तर पूरी तरह समाप्त होने से खेती के लिए सिंचाई का पानी उपलब्ध नहीं हो पा रहा है।

किसानों ने बताया कि झुंपा कैनाल में 100 नंबर बुर्जी तक दो-तीन बार पानी पहुंच चुका है लेकिन उनके गांवों के खेत अब भी नहरी पानी से वंचित हैं। अधिकारियों से कई बार अनुरोध करने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। उन्होंने मांग की कि सभी गांवों को उनके हिस्से का पानी समान रूप से उपलब्ध करवाया जाए। इसके लिए जरूरत पड़ने पर प्रशासन और पुलिस की मदद लेकर पानी का वितरण सुनिश्चित किया जाए।

इस पर एक्सईएन राकेश कुमार ने आश्वासन दिया कि आगामी चार-पांच दिनों में 112 से 115 नंबर बुर्जी तक किसानों के खेतों में पानी पहुंचा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में पहले पानी की समस्या थी लेकिन अब नहरी पानी आ चुका है जो करीब एक सप्ताह तक चलेगा। किसानों की समस्या का प्राथमिकता से समाधान करवाया जाएगा।

नहरी पानी के बंटवारे के लिए मांगी पुलिस सहायता

नहरी पानी का समान वितरण और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिंचाई विभाग की ओर से पुलिस सहायता उपलब्ध करवाने के लिए संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। ज्ञापन सौंपने वालों में सत्यवीर सिंह, ओमप्रकाश, राजकुमार, संजय, रामनिवास, भूप सिंह और हरचंद सहित दर्जनों किसान एवं महिलाएं शामिल रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X