भिवानी। पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने वीरवार को थाना शहर भिवानी का निरीक्षण कर रिकॉर्ड और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करने, पुलिस व्यवस्था दुरुस्त रखने और आमजन के साथ संवेदनशील व्यवहार करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने रिकॉर्ड रूम, कार्यालय और थाना परिसर का जायजा लिया। उन्होंने दस्तावेजों का उचित रखरखाव करने और रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए। साथ ही परिसर में साफ-सफाई और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने थाना के विभिन्न अनुभागों की कार्यप्रणाली की भी समीक्षा की।
शिकायतकर्ता की बात गंभीरता से सुनें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
एसपी ने लंबित अभियोगों और शिकायतों की समीक्षा करते हुए जांच अधिकारियों को प्रभावी कार्रवाई कर मामलों का नियमानुसार जल्द निपटारा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी मामला अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रहना चाहिए। लंबित मामलों की नियमित निगरानी कर कार्रवाई की प्रगति की समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि थाना में शिकायत लेकर आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की बात धैर्यपूर्वक और गंभीरता से सुनी जाए। शिकायतकर्ताओं के साथ नम्रता एवं सम्मान से पेश आते हुए उनकी शिकायतों पर नियमानुसार कार्रवाई कर समय पर समाधान किया जाए। आमजन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
एसपी ने पुलिस के दैनिक कार्यों की समीक्षा करते हुए गश्त और नाकाबंदी प्रभावी बनाने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर विशेष निगरानी रखने और उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा। साथ ही आमजन के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा अपने कर्तव्यों का निर्वहन जिम्मेदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता से करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय महेश कुमार, थाना शहर प्रभारी निरीक्षक जरनैल सिंह, एसपी के प्रवाचक एएसआई बलवान सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।