Bhiwani News:भिवानी में होंगे दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप के राष्ट्रीय मुकाबले, 24 टीमें लेंगी हिस्सा – National-level Matches Of The Divyang (differently-abled) Cricket Championship To Be Held In Bhiwani; 24 Teams Will Participate
भिवानी। फिजिकल चैलेंज्ड क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ इंडिया की ओर से फरवरी में दिव्यांग क्रिकेट चैंपियनशिप के राष्ट्रीय मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। भिवानी, पंचकूला सहित हरियाणा के विभिन्न क्रिकेट मैदानों पर होने वाले इस टूर्नामेंट में 24 टीमें हिस्सा लेंगी।
एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुरेंद्र लोहिया और महासचिव रवि चौहान ने पत्रकार वार्ता में बताया कि दिव्यांग क्रिकेट अब देश के 28 राज्यों तक पहुंच चुका है। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रहे हैं। इसी दिशा में अब सामान्य क्रिकेट की तर्ज पर अंडर-19 वर्ग के खिलाड़ियों पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि हरियाणा में 24 टीमों के बीच मुकाबले होंगे जबकि तीन दिसंबर से जम्मू-कश्मीर में नॉर्थ जोन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी।
उन्होंने कहा कि भारत सरकार भी दिव्यांग क्रिकेट को गंभीरता से ले रही है। एसोसिएशन की मांग है कि दिव्यांग क्रिकेट को पैरा खेलों और सरकार की खेल नीति में शामिल किया जाए ताकि खिलाड़ियों के प्रमाणपत्रों को निर्धारित ग्रेड में मान्यता मिल सके। इससे उन्हें सरकारी नौकरियों में लाभ मिलने के साथ कैश अवाॅर्ड पॉलिसी का भी फायदा मिलेगा।
उन्होंने कहा कि आगामी समय में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के बड़े टूर्नामेंट आयोजित करने की तैयारी है। खिलाड़ियों के साथ किसी तरह का भेदभाव नहीं किया जाएगा और उन्हें हर मंच पर सम्मान दिया जा रहा है। इस अवसर पर एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष संजय गोयल, हरियाणा संगठन के पूर्व अध्यक्ष गोवर्धन आचार्य, रमेश सैनी सहित अनेक दिव्यांग क्रिकेट प्रेमी मौजूद रहे।
सुरेंद्र लोहिया और रवि चौहान ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के ठहरने, खाने और पुरस्कारों की व्यापक व्यवस्था की जाएगी। इससे पहले एसोसिएशन लखनऊ, उदयपुर और बेंगलुरु में प्रतियोगिताएं आयोजित कर चुकी है। हाल ही में भारतीय टीम ने चेन्नई में श्रीलंका के खिलाफ द्विपक्षीय सीरीज 2-0 से जीती है। वहीं आगामी तीन दिसंबर से जम्मू में नॉर्थ जोन टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा।
