पटना के बख्तियारपुर-मोकामा फोरलेन पर मध्यरात्रि तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया। दुर्घटना मोकामा थाना क्षेत्र में बिहारी बीघा टोल प्लाजा से करीब चार-पांच किलोमीटर आगे हुई। जानकारी के अनुसार, तीनों लोग पटना के पाटलिपुत्र स्टेशन से टूर एंड ट्रैवल्स के माध्यम से मारुति सेलेरियो कार बुक कर कटिहार जा रहे थे। इसी दौरान कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त कार अनूप कुमार चला रहे थे।

डेहरी ऑन सोन के व्यक्ति की मौत, दो पटना रेफर
मृतक की पहचान डेहरी ऑन सोन निवासी मनीकांत कुमार (41) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में पटना के गायघाट निवासी अनूप कुमार (25) और डेहरी ऑन सोन निवासी अभिषेक सहाय (41) शामिल हैं। हादसे के बाद राहगीरों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडलीय अस्पताल भेजा गया है। परिजनों के पहुंचने के बाद शव सौंपने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।