Ghaziabad News:पटाखे चलाने से रोका तो परिवार पर हमले का आरोप, चार पर प्राथमिकी दर्ज – Alleged Attack On A Family For Objecting To The Bursting Of Firecrackers; Fir Registered Against Four Individuals
खोड़ा। खोड़ा थानाक्षेत्र के शिव विहार में तेज आवाज वाले पटाखे चलाने से रोकने पर एक व्यक्ति और उसके परिवार के साथ मारपीट व गाली-गलौज की गई। आरोप है कि पटाखे चलाने से मना करने पर चार लोगों ने शिकायतकर्ता के साथ मारपीट की और उनकी पत्नी व बेटियों से भी अभद्रता की। आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर चारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिव विहार निवासी ईश्वर दयाल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आठ नवंबर की रात 12:30 बजे उनके घर के सामने दीपक, ललित, सुमित और रोहित तेज आवाज वाले बम और पटाखे चला रहे थे। उन्होंने इसका विरोध किया तो चारों ने उनके मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी पत्नी और बेटियों के साथ भी गाली-गलौज की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। आरोप है कि रोहित ने उनके बेटे को पड़ोसी के घर में बम चलाने के लिए उकसाया और इन्कार करने पर 12 नवंबर की सुबह मारपीट की। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी लगातार पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।
