Bijnor News:भूमि पर कब्जे की कोशिश में स्वामी ओमवेश पर रिपोर्ट – Case Filed Against Swami Omvesh For Attempting To Take Over Land
बिजनौर। वन्यजीव अभयारण्य की सरकारी जमीन पर कब्जे की कोशिश का मामला सामने आया है। दारानगर गंज आरक्षित वन खंड के बारहसिंगा अभयारण्य क्षेत्र में करीब 10 बीघा जमीन पर पिलर लगाकर बाड़ा तैयार किया जा रहा था।
वन विभाग की टीम ने लगाए गए 31 पिलर उखड़वा दिए और जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। इस मामले में वन विभाग ने चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश और उनके कर्मचारी भूरा को नामजद करते हुए सात अन्य लोगों के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम और जैव विविधता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वन विभाग के बीट प्रभारी अजय कुमार ने आरक्षित वन क्षेत्र में पिलर लगाए जाने की सूचना दी। सूचना पर वन दरोगा हेमेंद्र सिंह टीम के साथ दारानगर गंज स्थित आरक्षित वन खंड स्थित बारहसिंगा अभयारण्य क्षेत्र में पहुंचे। मौके पर भूरा और सात अन्य लोग पिलर लगाने के काम में जुटे थे। तब तक सरकारी जमीन पर 31 पिलर लगाए जा चुके थे। इन पिलरों के सहारे करीब 10 बीघा जमीन में बाड़ा तैयार किया जा रहा था।
वन विभाग की टीम ने मौके पर मौजूद लोगों को सरकारी जमीन पर पिलर लगाने से रोक दिया। रेंजर महेश गौतम ने बताया कि जब टीम के पूछने पर उन्होंने बताया कि चांदपुर से सपा विधायक स्वामी ओमवेश के कहने पर गोवंश के लिए बाड़ा तैयार किया जा रहा है। इसके बाद वन विभाग की टीम ने फोन पर विधायक से संपर्क किया।
बताया गया कि विधायक ने फोन पर कहा कि गोवंश के लिए बाड़ा बनाया जा रहा है, ताकि वन विभाग के पेड़ों को भी नुकसान न पहुंचे। हालांकि, वन विभाग की टीम ने आरक्षित वन क्षेत्र की जमीन पर पिलर लगाने पर आपत्ति जताई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोग अपना ट्रैक्टर लेकर वहां से चले गए। वन विभाग की टीम ने सरकारी जमीन पर लगाए गए सभी 31 पिलर उखड़वा दिए और जमीन को कब्जामुक्त करा लिया। मामले को गंभीरता से लेते हुए वन विभाग ने सपा विधायक स्वामी ओमवेश और उनके कर्मचारी भूरा के खिलाफ वन्यजीव अधिनियम और जैव विविधता अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
गौरतलब है कि जिस स्थान पर पिलर लगाकर बाड़ा तैयार किया जा रहा था, उसके नजदीक ही सपा विधायक स्वामी ओमवेश का केवलानंद आश्रम भी स्थित है। वन्यजीव अभयारण्य क्षेत्र की सरकारी जमीन पर पिलर लगाए जाने का मामला सामने आने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई की है।

बिजनौर के दारानगर गंज के खादर क्षेत्र में लगाए पिलर। स्रोत वन विभाग

बिजनौर के दारानगर गंज के खादर क्षेत्र में लगाए पिलर। स्रोत वन विभाग
