शनिवार, 14 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Bilaspur News:सिविल अस्पताल घुमारवीं में एक्सरे फिल्म खत्म, मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा – X-ray Films Run Out At Civil Hospital Ghumarwin; Patients Forced To Turn To Private Centers
बिलासपुर (हिमाचल प्रदेश)

Bilaspur News:सिविल अस्पताल घुमारवीं में एक्सरे फिल्म खत्म, मरीजों को निजी केंद्रों का सहारा – X-ray Films Run Out At Civil Hospital Ghumarwin; Patients Forced To Turn To Private Centers

November 14, 2026


वीरवार से ठप पड़ी एक्सरे जांच, 300 से 400 रुपये देकर करवाने पड़ रहे टेस्ट

आपातकालीन में मरीजों को स्ट्रेचर पर ले जाना पड़ रहा बाहर

संवाद न्यूज एजेंसी

भराड़ी (बिलासपुर)घुमारवीं उपमंडल के सबसे बड़े स्वास्थ्य संस्थान सिविल अस्पताल घुमारवीं में एक्सरे फिल्म खत्म होने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। अस्पताल में वीरवार से एक्सरे जांच नहीं हो पा रही है। ऐसे में उपचार के लिए पहुंच रहे मरीजों को मजबूरन निजी एक्सरे केंद्रों का रुख करना पड़ रहा है। सरकारी अस्पताल में निशुल्क होने वाली इस जांच के लिए निजी केंद्रों में 300 से 400 रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।

सिविल अस्पताल घुमारवीं में प्रतिदिन करीब 100 एक्सरे किए जाते हैं। हड्डियों में चोट, फ्रैक्चर और छाती संबंधी बीमारियों की जांच के लिए चिकित्सक मरीजों को एक्सरे करवाने की सलाह देते हैं। अस्पताल में एक्सरे मशीन और तकनीकी सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद फिल्म न होने से मरीजों को इसका लाभ नहीं मिल पा रहा है। अस्पताल पहुंचने पर उन्हें निजी केंद्रों में जांच करवाने के लिए कहा जा रहा है।

सबसे ज्यादा परेशानी आपातकालीन स्थिति में अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को उठानी पड़ रही है। सड़क हादसों में घायल और चलने-फिरने में असमर्थ मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए स्ट्रेचर पर निजी केंद्रों तक ले जाना पड़ रहा है। इससे मरीजों के साथ तीमारदारों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है। अस्पताल से निजी केंद्र तक ले जाने और वापस लाने की प्रक्रिया में उपचार में भी देरी हो रही है।

घुमारवीं अस्पताल में शहर के अलावा आसपास की पंचायतों और दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। कई मरीज लंबा सफर तय कर अस्पताल आते हैं। ऐसे में जरूरी जांच के लिए निजी केंद्रों में जाना उनके लिए अतिरिक्त परेशानी बन गया है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को भी निशुल्क मिलने वाली सुविधा के बजाय एक एक्सरे के लिए 300 से 400 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। बताया जा रहा है कि निजी कंपनी की ओर से अस्पताल को एक्सरे फिल्म उपलब्ध करवाई जाती है। वीरवार से फिल्म की आपूर्ति नहीं होने के कारण जांच का काम बंद पड़ा है। मरीजों ने अस्पताल में जल्द एक्सरे सुविधा बहाल करने की मांग उठाई है।

कंपनी को पहले ही दी गई है सूचना : अनुपम

बीएमओ घुमारवीं डॉ. अनुपम ने बताया कि एक्सरे फिल्म निजी कंपनी की ओर से उपलब्ध करवाई जाती है। कंपनी को इस संबंध में पहले ही अवगत करवाया जा चुका है। फिल्म उपलब्ध क्यों नहीं करवाई गई, इसकी जांच की जाएगी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X