bokaro farmer anant kumar lal earning profit from radish cultivation tips
Last Updated:
Bokaro Farmer Success Story: बोकारो के पेटरवार स्थित अम्बाडीह गांव के किसान अनंत कुमार 60 डिसमिल जमीन पर लाल मूली की खेती कर रहे हैं. महज 30 से 45 दिनों में तैयार होने वाली इस फसल से उन्हें 30 से 35 क्विंटल उत्पादन और करीब 1.15 लाख रुपये शुद्ध मुनाफे की उम्मीद है. उन्होंने बताया कि दिवाली और छठ के दौरान लाल मूली की मांग बढ़ने से किसानों को बेहतर कीमत मिल सकती है
अगर सही समय पर फसल का चयन किया जाए, तो कम लागत और कम मेहनत में भी किसान अच्छी कमाई कर सकते हैं. इसकी मिसाल बोकारो जिले के पेटरवार प्रखंड स्थित अम्बाडीह गांव के किसान अनंत कुमार पेश कर रहे हैं. अनंत कुमार 60 डिसमिल जमीन पर लाल मूली की खेती कर रहे हैं और इससे अच्छी आमदनी की उम्मीद कर रहे हैं. साथ ही वह आसपास के किसानों को भी पारंपरिक खेती के साथ नई फसलों को अपनाने के लिए प्रेरित कर रहे हैं.
60 डिसमिल जमीन पर लाल मूली की बुवाई
खास बातचीत में किसान अनंत कुमार ने बताया कि वह एक किसान परिवार से आते हैं. खेती-किसानी की प्रेरणा उन्हें अपने पिता और दादा से मिली है. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वह खेती कर रहे हैं. उन्होंने अपने दो अलग-अलग प्लॉट में कुल 60 डिसमिल जमीन पर अक्टूबर महीने में लाल मूली की बुवाई की थी. लाल मूली की खेती का विचार उन्हें आसपास के किसानों से मिला. उन्होंने बताया कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान लाल मूली की मांग बढ़ जाती है, जिससे किसानों को बेहतर कीमत मिलती है.
30 से 45 दिनों के भीतर फसल तैयार
अनंत कुमार के मुताबिक, दूसरी सब्जियों की तुलना में लाल मूली की खेती में कम मेहनत और कम समय लगता है. इसकी खेती के लिए खेत की अच्छी तरह जुताई कर सही तरीके से बीज की बुवाई करना जरूरी है. बुवाई के महज 30 से 45 दिनों के भीतर फसल तैयार हो जाती है. खास बात यह है कि दिवाली और छठ जैसे त्योहारों के दौरान बाजार में लाल मूली की मांग बढ़ने के साथ इसकी कीमत भी 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक पहुंच जाती है. ऐसे में 60 डिसमिल जमीन से करीब 30 से 35 क्विंटल उत्पादन हासिल किया जा सकता है.और 40 रूपये प्रति किलो के हिसाब से 30 क्विंटल के औसत उत्पादन से भी किसान लगभग 1.20 लाख रुपये की कुल आमदनी कर सकते हैं. खेती की लागत निकालने के बाद करीब 1.15 लाख रुपये तक का शुद्ध मुनाफा कमाना संभव है.
रोगों से ऐसे करें बचाव
हालांकि, लाल मूली की खेती में फफूंद जनित रोगों का खतरा भी बना रहता है. ऐसे में फसल की नियमित निगरानी और समय पर बचाव जरूरी है. कृषि विशेषज्ञों की सलाह के अनुसार उचित फफूंदनाशक दवाओं का छिड़काव कर किसान फसल को रोगों से बचा सकते हैं. इससे उत्पादन और गुणवत्ता दोनों बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है.

अमित रंजन वर्तमान में News18 में बिहार, झारखंड और दिल्ली से जुड़ी खबरों के समन्वय और संपादन का कार्य देख रहे हैं. खोजी पत्रकारिता उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है. राजनीति, शिक्षा, खेल, क्राईम और मौसम जैसे विषयों …
और पढ़ें
