Budaun News:वन मंत्री से पैरवी बेअसर, बंदर के आतंक से छुटकारा पाने के लिए ग्रामीण जुटा रहे चंदा – Appeals To The Forest Minister Prove Ineffective; Villagers Are Now Collecting Funds To Get Relief From The Monkey Menace
सिलहरी। गांव दहेमी में खूंखार बंदर 15 दिन से दहशत फैलाए है। अब तक 10 लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर चुका है। लगातार हो रहे हमलों से परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग के जिला मुख्यालय से लेकर वन मंत्री तक शिकायतें कीं, लेकिन कोई कार्यवाही नहीं हुई। अब ग्रामीणों ने खुद ही बंदर को पकड़वाने पर विचार किया है। बुधवार को घर-घर से चंदा एकत्र किया गया। साथ ही बंदर पकड़ने वाली टीम से संपर्क साधा।
दहेमी गांव में एक बंदर आए दिन किसी न किसी ग्रामीण को अपना निशाना बना रहा है। लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोग लाठी-डंडे लेकर समूह में गांव की रखवाली कर रहे हैं। कुछ दिन पहले बंदर के गन्ने के खेत में छिपे होने की सूचना पर दर्जनों ग्रामीणों ने खेत की घेराबंदी कर दी थी। घंटों तलाश करने पर पेड़ पर बैठा एक बंदर दिखाई दिया, लेकिन वह हमलावर बंदर नहीं निकला। इसके बाद भी ग्रामीण कई घंटे तक खेत में पहरा देते रहे।
परेशान ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से लेकर वन मंत्री तक से गुहार लगाई, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। मजबूरी में ग्रामीणाें ने अब खुद ही आपस में चंदा जुटा रहे है। वहीं, एक संस्था से संपर्क किया है। जल्द ही वह टीम बंदर को पकड़ने पहुंचेगी।
हाल ही में बंदर ने कमला होरी विद्यालय में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी प्रेमपाल सिंह, बिसौली निवासी किसान इंद्रपाल पर हमला किया। बंदर ने उनके सिर से मांस नोच लिया था, जिससे वह लहूलुहान हो गए थे। लगातार हमलों से ग्रामीणों में भय व्याप्त है। लोग लाठी-डंडे लेकर समूह में गांव की रखवाली कर रहे हैं।
रेंजर ने भी बंदर को पकड़ने के लिए टीम बुलाई है। जल्द ही बंदर को पकड़कर जंगल में छोड़ा जाएगा। बंदर हिंसक हो गया है। – विनीता सिंह, डीएफओ बदायूं
