Bulandshahar News:देव जागे तो गूंज उठीं शहनाइयां, जिले में पहले दिन 400 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे – As The Deities Awakened, The Sounds Of *shehnais* (ceremonial Wedding Music) Rang Out; 400 Couples Tied The Knot In The District On The Very First Day
बुलंदशहर/बीबीनगर/अहार/जहांगीराबाद/डिबाई। देवोत्थान एकादशी पर शुक्रवार को भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जाग गए। इसी के साथ मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो गई और शहनाइयां गूंजने लगीं। नगर से लेकर देहात तक पहले दिन करीब 400 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे। कहीं, डीजे और बैंड-बाजों की धुन पर बराती थिरकते नजर आए तो कहीं, शंख-घंटा और मंगल गीतों के बीच भगवान के जागने का उत्सव मनाया गया। मंदिरों में भगवान शालिग्राम और माता तुलसी का विवाह कराया गया। कुछ स्थानों पर विवाह से पहले चाक की रस्म भी पूरी की गई। वहीं, कई मंदिरों में शनिवार को भी तुलसी-शालिग्राम विवाह के आयोजन होंगे।
पंडित कैलाश शर्मा और पंडित नरेंद्र शर्मा ने बताया कि कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी को देवोत्थान या देव प्रबोधिनी एकादशी कहा जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान विष्णु चार माह की योगनिद्रा से जागते हैं। इसी के साथ विवाह समेत अन्य मांगलिक कार्यों का शुभारंभ होता है। अहार क्षेत्र के गांवों में पर्व परंपरागत तरीके से मनाया गया।
महिलाओं ने घरों के आंगन और दीवारों पर खड़िया व गेरू से आकर्षक आकृतियां बनाईं। परिवार के सदस्यों के पैरों की आकृतियां बनाकर गन्ना, सिंघाड़ा, शकरकंद, मूली, मूंगफली और अनाज आदि रखे। देर रात आसमान में तारे दिखाई देने पर विधिवत पूजा-अर्चना की गई और सामूहिक मंगल गीत गाकर देवताओं को जगाने की परंपरा निभाई गई।
बामनपुर, रजापुर, शिकोई, अहार, दरावर, हसनपुर वांगर, मोहम्मदपुर और मुबारकपुर में भी उत्साह दिखाई दिया। जहांगीराबाद के बिजलीघर चौराहा स्थित श्री सिद्धेश्वर मंदिर में भजन-कीर्तन और हवन के साथ तुलसी विवाह कराया गया। पंडित अनुराग आचार्य ने मंत्रोच्चार के बीच भगवान शालिग्राम और माता तुलसी के फेरे कराए।
महिलाओं ने कन्यादान की रस्म निभाते हुए कपड़े, बर्तन, मिठाई और सुहाग का सामान भेंट किया। डिबाई में मंदिरों में शंख, घंटा और श्रीहरि के जयकारों के साथ भगवान विष्णु को जगाकर विशेष पूजा की गई। गन्ने की पूजा के चलते इसकी कीमत में भी उछाल रहा। दस रुपये में बिकने वाला गन्ना 50 रुपये तक बिका। शकरकंदी, सिंघाड़े, बेर और अमरूद के दामों में भी 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ोतरी दर्ज की गई। आचार्य विनीत अवस्थी ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर तुलसी विवाह और गन्ने की पूजा का विशेष महत्व है।

देवोत्थान एकादशी का पूजन करती महिलाएं। संवाद

देवोत्थान एकादशी का पूजन करती महिलाएं। संवाद
