रविवार, 29 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बुलंदशहर

Bulandshahar News:यूरोप में स्वर्ण पदक जीतकर लौटी नीता का खुली जीप में निकाला रोड शो – Neeta, Who Returned After Winning A Gold Medal In Europe, Was Taken On A Road Show In An Open Jeep

November 22, 2026


औरंगाबाद। यूरोप में आयोजित वर्ल्ड रेलवे क्रॉस कंट्री प्रतियोगिता में 10 किलोमीटर की दौड़ में स्वर्ण पदक जीतकर लौटीं लखावटी ब्लॉक के गांव शेखपुर गढ़वा निवासी नीता लोधी का रविवार को जोरदार स्वागत किया गया। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर नीता ने जिले का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि पर क्षेत्र के लोगों में उत्साह दिखाई दिया।

बुलंदशहर स्थित शिकारपुर बाईपास पर वीरांगना अवंतीबाई लोधी पार्क में नीता का स्वागत किया गया। यहां लोगों ने पार्क में माल्यार्पण कर उनका सम्मान किया। इसके बाद खुली जीप में नीता का रोड शो निकाला गया। बुलंदशहर से लेकर उनके गांव शेखपुर गढ़वा तक जगह-जगह लोगों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। नीता खुली जीप में सवार होकर लोगों का अभिवादन स्वीकार करती हुई गांव पहुंची।

नीता लोधी पिछले पांच वर्षों से लगातार दौड़ का अभ्यास और प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर रही हैं। खेल के प्रति उनकी मेहनत और लगन के चलते ही रेलवे में खेल कोटे से नौकरी मिली थी। वर्तमान में वह रेलवे ग्रुप डी में फिरोजपुर में तैनात हैं। यूरोप में गोल्ड मेडल जीतने के बाद उनकी उच्च पद पर पदोन्नति की संभावना जताई जा रही है।

स्वागत समारोह में जगवीर प्रधान, उदयवीर लोधी, परविंदर लोधी, अमरपाल लोधी और सोनू लोधी सहित कई लोग मौजूद रहे। दूसरी ओर पूर्व विधायक चौधरी होशियार सिंह ने नीता का स्वागत कर कहा कि अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। उनकी सफलता अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। उनके साथ नरेंद्र लोधी, विनोद सैनी, अमित जाटव व रामकिशोर जाटव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X