रविवार, 15 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
बुलंदशहर

Bulandshahar News:6500 शिक्षकों के प्रमाण पत्रों की जांच करेगी एसटीएफ, फर्जी मिले तो जाएगी नौकरी – Stf To Verify Certificates Of 6,500 Teachers; Those Found To Be Fake Will Lead To Loss Of Employment

November 15, 2026


बुलंदशहर। जिले के परिषदीय स्कूलों में तैनात करीब 6500 शिक्षकों के शैक्षणिक प्रमाण पत्र जांच के घेरे में है। फर्जी दस्तावेज के आधार पर शिक्षक की नौकरी हासिल करने वालों की पहचान के लिए शासन ने सख्त कदम उठाया है। इसके तहत उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) शिक्षकों के शैक्षणिक और प्रशिक्षण संबंधी अभिलेखों का सत्यापन करेगी। जांच में किसी भी स्तर पर प्रमाण पत्र फर्जी या कूटरचित मिलने पर संबंधित शिक्षक की सेवा समाप्त करने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।

बेसिक शिक्षा विभाग के प्राथमिक और उच्च प्राथमिक विद्यालयों में कार्यरत शिक्षकों के अभिलेखों की जांच के लिए शासन स्तर से निर्देश जारी किए गए हैं। इसके बाद जिले में भी सत्यापन की तैयारी शुरू कर दी गई है। जांच के दायरे में शिक्षकों के हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, बीटीसी, बीएड और शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) के प्रमाण पत्र शामिल होंगे। एसटीएफ इन दस्तावेज की संबंधित संस्थानों और विश्वविद्यालयों से पुष्टि कराएगी, ताकि किसी तरह के फर्जीवाड़े की गुंजाइश न रहे।

बेसिक शिक्षा अधिकारी वीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शासन के निर्देश पर जिले के करीब 6500 शिक्षकों के शैक्षणिक और प्रशिक्षण प्रमाण पत्रों का सत्यापन कराया जाएगा। एसटीएफ अपने स्तर से जांच करेगी। वहीं, पूरी प्रक्रिया की निगरानी और अभिलेखों को एकत्र करने के लिए जिला स्तर पर भी समिति गठित की गई है। जांच में जो भी शिक्षक फर्जी दस्तावेज के आधार पर नौकरी करते पाया जाएगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बताया कि जिले में फर्जी प्रमाण पत्रों के सहारे नौकरी करने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। पिछले वर्ष दानपुर, सिकंदराबाद, डिबाई और पहासू क्षेत्र में करीब सात शिक्षक जांच के दौरान फर्जी पाए गए थे। इसके बाद विभाग ने सभी की सेवाएं समाप्त कर दी थीं। प्रदेश के अन्य जिलों में भी ऐसे मामले सामने आने के बाद शासन ने अब व्यापक स्तर पर अभिलेखों की दोबारा जांच कराने का निर्णय लिया है।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X