गुरुवार, 19 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Seedhi Khabar
चमोली

Chamoli News:घर-घर बांटा जाएगा समौण प्रसाद – ‘samaun’ Prasad Will Be Distributed To Every Household

November 19, 2026


18 महिला मंगल दलों ने तैयार किए हजारों अरसे और रोट

संवाद न्यूज एजेंसी

ज्योतिर्मठ। बदरीनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने के बाद आदि गुरु शंकराचार्य की गद्दी नृसिंह मंदिर ज्योतिर्मठ में विराजमान हो गई है। इसके साथ ही नगर के प्रत्येक घर तक समौण (महाप्रसाद) पहुंचाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। ज्योतिष्पीठाधीश्वर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद महाराज की पहल पर यह प्रसाद तैयार किया गया है ताकि नगर के प्रत्येक परिवार तक भगवान का आशीर्वाद पहुंचे।

स्थानीय महिला मंगल दलों की महिलाओं ने पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन अरसे और रोट तैयार किए हैं। इस वर्ष 18 महिला मंगल दलों की ओर से हजारों की संख्या में अरसे और रोट बनाए गए हैं। स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से भगवान को प्रसाद अर्पित किया। इसके बाद नगर के घर-घर में समौण प्रसाद वितरित किया जा रहा है। पिछले वर्ष जोशीमठ का नाम बदलकर प्राचीन नाम ज्योतिर्मठ किए जाने की खुशी में ”मेरू परिवार, मेरू समौण” अभियान के तहत घर-घर प्रसाद पहुंचाया गया था। इस वर्ष भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया जा रहा है। ज्योतिर्मठ के व्यवस्थापक विष्णुप्रियानंद ब्रह्मचारी के संयोजन में शिवानंद उनियाल, पीठ पुरोहित आनंद सती, शांति चौहान और महिमानंद उनियाल प्रसाद वितरण में जुटे हैं।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X