Chamoli News:सिमली बेस के लिए प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में छह सदस्यीय समिति गठित – Six-member Committee Constituted For Simli Base Under The Chairmanship Of The Minister In-charge
15 दिन में शासन को सौंपेगी रिपोर्ट, स्वास्थ्य सचिव, कर्णप्रयाग-थराली विधायक भी शामिल
जिपंस और संघर्ष समिति के अध्यक्ष भी समिति में
संवाद न्यूज एजेंसी
कर्णप्रयाग। सीएम पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के अनुरूप सिमली महिला बेस अस्पताल को पूर्ण बेस अस्पताल का दर्जा दिए जाने अथवा मेडिकल काॅलेज के लिए शासन की ओर से छह सदस्यीय समिति का गठन हो गया है। इसके अध्यक्ष चमोली जिले के प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी बनाए गए हैं। 15 दिनों में यह समिति अपनी रिपोर्ट शासन को देगी।
करीब 14 वर्षों से सिमली में बेस अस्पताल के लिए आंदोलन हो रहा है। यहां महिला बेस की स्थापना हुई थी लेकिन संसाधन और सुविधाओं के न होने से यह केवल शोपीस बन गया। इसके बाद फिर समिति ने आंदोलन किया तो वर्ष 2024 में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने महिला बेस को पूर्ण बेस का दर्जा दिए जाने की घोषणा की लेकिन बोर्ड तो बदला शासनादेश नहीं हुआ। इस पर समिति बीते जून माह से आंदोलन कर रही है। 14 नवंबर में गौचर में प्रदर्शन के बाद और विधायक की मांग पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने इसमें समिति गठित करने की घोषणा की। इसी क्रम में बीते 23 नवंबर को चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग ने समिति के गठन का आदेश किया है। चमोली के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता में बनी इस समिति में कर्णप्रयाग/थराली विधायक, स्वास्थ्य सचिव, जिला पंचायत सदस्य विक्रम कठैत और बेस संघर्ष समिति अध्यक्ष देवेन्द्र सिंह नेगी सदस्य हैं। समिति 15 दिन में विस्तृत रिपोर्ट शासन को सौंपेगी।
सिमली में बेस अस्पताल की मांग पर 31वें दिन भी धरना जारी
कर्णप्रयाग। सिमली में बेस अस्पताल या मेडिकल कॉलेज की मांग पर बेस अस्पताल संघर्ष समिति का धरना 31वें दिन भी जारी रहा। समिति के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह नेगी के नेतृत्व में बैठक हुई। इसमें मुख्यमंत्री की गौचर मेले में सिमली मेडिकल कॉलेज घोषणा के अनुरूप बनी कमेटी पर चर्चा हुई। साथ ही समिति ने चमोली और कुमाऊं मंडल में नुक्कड़ सभा व हस्ताक्षर अभियान की रूपरेखा बनाई। नेगी ने कहा कि क्षेत्रीय जनता अब कमेटी बनाकर वार्ता की सफलता पर नजर रख रही है। समिति ने केंद्र सरकार से राज्य सरकार को मांग पूरी करने का निर्देश देने की मांग की। इस अवसर पर संरक्षक महेश डिमरी, उपाध्यक्ष बीएन डिमरी समेत कई लोग मौजूद थे। संवाद
