Champawat News:नशे पर वार, 65 मुकदमे दर्ज, 88 आरोपी पकड़े गए – Crackdown On Drugs: 65 Cases Registered, 88 Accused Arrested
चंपावत। जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला स्तरीय एन-कॉर्ड समिति की बैठक में ड्रग फ्री देवभूमि संकल्प के तहत नशामुक्ति अभियान की समीक्षा की गई। इस दौरान बताया गया कि 27 अक्तूबर तक एनडीपीएस एक्ट के तहत 65 अभियोग दर्ज हुए जिनमें 88 अभियुक्तों से 1.190 किलो हेरोइन, स्मैक, 445 नशीले इंजेक्शन, 6,254 कैप्सूल-टैबलेट, 10 सिरप और 11.863 किलो चरस बरामद हुई।
तीन आरोपी पीआईटी एनडीपीएस एक्ट में निरुद्ध किए गए और 495 नाली क्षेत्र में भांग नष्ट की गई। डीएम ने विभागों को आपसी समन्वय से जागरूकता और प्रवर्तन कार्रवाई तेज करने, संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी और चेकिंग बढ़ाने, मेडिकल स्टोरों का संयुक्त निरीक्षण करने और बार-बार अपराध करने वालों पर कठोर निवारक कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए।
