Champawat News:बढ़ती ठंड बिगाड़ रही सेहत, जिला अस्पताल में भी ठिठुर रहे हैं मरीज – Intensifying Cold Is Taking A Toll On Health; Even At The District Hospital, Patients Are Left Shivering
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में सुबह-शाम पड़ रही कड़ाके की ठंड लोगों की सेहत बिगाड़ रही है। ठंड बढ़ने से निमोनिया, टाइफाइड, सांस की दिक्कत सहित अन्य बीमारियों से जूझते हुए बड़ी संख्या में मरीज जिला अस्पताल में भर्ती हो रहे हैं। इन मरीजों को ठंड के साथ ही बदहाल व्यवस्थाओं की मार सहनी पड़ रही है। वार्डों में हीटर की व्यवस्था न होने से मरीज और उनके तीमारदार ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर हैं।
सीमांत जिले में हर दिन ठंड का असर बढ़ रहा है। रात के समय तापमान आठ से नौ डिग्री पहुंच रहा है और ठंड बढ़ रही है। शनिवार को संवाद न्यूज एजेंसी ने जिला अस्पताल में जाड़ों में मरीजों और तीमारदारों को ठंड से निजात दिलाने के इंतजामों की पड़ताल की। अस्पताल के ऑर्थो वार्ड, सर्जिकल वार्ड, पुरुष, महिला और बच्चा वार्ड मरीजों से पैक हैं। अस्पताल में 115 मरीज भर्ती हैं। इन मरीजों को ठंड से निजात दिलाने के लिए वार्डों में अब तक हीटर, ब्लोअर गायब हैं। हैरानी है कि हर साल अस्पताल प्रबंधन वार्डों में लगाने के लिए हीटर और ब्लोअर की खरीद करता है।
ठंड से राहत दिलाने वाले ये उपकरण कहां हैं इसका अता-पता नहीं है। ऐसे में मरीज और उनके तीमारदार ठंड में ठिठुरने के लिए मजबूर हैं। बाहर तो धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है लेकिन वार्डों में दिन में भी ठिठुरन हो रही है। ऐसे में कुछ मरीज बाहर धूप सेंकते नजर आए तो कुछ बिस्तर पर कंबल ओढ़कर ठंड से ठिठुरते नजर आए। तीमारदार जौलजीबी निवासी हरीश सिंह, कनालीछीना निवासी मोहित ने बताया कि शाम होते ही ठिठुरन अधिक बढ़ रही है। ऐसे में वार्डों में रात काटना चुनौती बन रहा है।
कंबल भी नहीं दे पा रहे राहत
तापमान में गिरावट आने पर कंबल भी राहत नहीं देते हैं। अस्पताल में मरीजों को मिलने वाले कंबल हल्के हैं जो ठंड को रोककर मरीजों को गर्मी देने में नाकाम साबित हो रहे हैं। मरीजों और तीमारदारों ने कहा कि यदि वार्डों में हीटर होते तो ठंड से काफी राहत मिलती। नजदीकी क्षेत्रों के मरीजों के लिए तो तीमारदार अपने घरों से पर्याप्त कंबलों की व्यवस्था कर रहे हैं लेकिन दूर-दराज के मरीज अस्पताल के कंबलों के भरोसे ठंड के बीच समय बिताने के लिए मजबूर हैं।
गर्म पानी मिलने से मरीजों में राहत
अस्पताल के वार्डों में मौजूद इलेक्ट्रिक केतली मरीजों के लिए किसी राहत से कम नहीं है। अस्पताल प्रबंधन ने वार्डों में इलेक्ट्रिक केतली की व्यवस्था कर मरीजों को राहत पहुंचाई है। इसके जरिये मरीजों को अपनी प्यास बुझाने के लिए गर्म पानी मिल रहा है। हालांकि मरीजों को हीटर की कमी खल रही है।
फिलहाल दिन में धूप खिलने से अधिक ठंड नहीं है। ठंड बढ़ी तो सभी वार्डों में हीटर लगाए जाएंगे। यदि अस्पताल में भर्ती मरीज हीटर की मांग करते हैं तो उन्हें यह उपलब्ध कराया जाएगा। – डॉ. डीपी सिंह, पीएमएस, जिला अस्पताल, पिथौरागढ़
