Charkhi Dadri News:डिवाइडरों पर लगी टूटी ग्रिल्स बन रही हादसों का कारण, धुंध में बढ़ा खतरा – Broken Grills On Road Dividers Are Causing Accidents; The Danger Increases During Fog
चरखी दादरी। चरखी दादरी। सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही धुंध का असर भी बढ़ने लगा है। ऐसे में शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों के डिवाइडरों पर लगी टूटी ग्रिल्स हादसों का कारण बन सकती हैं। शहर के लोहारू चौक, महेंद्रगढ़ रोड सहित कई अन्य स्थानों पर डिवाइडरों की ग्रिल्स क्षतिग्रस्त हालत में हैं। कहीं ग्रिल्स पूरी तरह टूट चुकी हैं तो कहीं उनके हिस्से गायब हैं। इससे डिवाइडरों के बीच खुली जगह बन गई है, जहां से पशुओं और राहगीरों के सड़क पर पहुंचने का खतरा बना रहता है। इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से इनकी मरम्मत करवाने की दिशा में कोई ठोस कदम नजर नहीं आ रहा है।
धुंध में दिखाई नहीं देती टूटी ग्रिल्स
सर्दियों में सुबह और देर रात के समय धुंध के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो जाती है। ऐसे में वाहन चालकों को सड़क और डिवाइडर की स्थिति का सही अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है। यदि डिवाइडरों की ग्रिल्स टूटी हों तो पशु अचानक सड़क पर आ सकते हैं। इससे दोपहिया वाहन चालकों के साथ-साथ कार और अन्य वाहनों के चालकों के लिए भी हादसे का खतरा बढ़ जाता है। खासकर तेज गति से चलने वाले वाहनों के सामने अचानक पशु आने पर स्थिति गंभीर हो सकती है।
बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में
डिवाइडरों व सड़क के दोनों ओर लगी ग्रिल्स का उद्देश्य सड़क के बीच से पशुओं और लोगों को अनियंत्रित तरीके से दूसरी तरफ जाने से रोकना है, लेकिन इनके टूटने से यह व्यवस्था पर प्रभाव पड़ सकता है। हाईवे पर कई गांव के हिस्सों में डिवाइडरों के बीच बनी खुली जगह से बच्चे और पैदल राहगीर भी सड़क पार करते दिखाई देते हैं। ऐसे में तेज रफ्तार वाहनों के बीच सड़क पार करना उनके लिए जोखिम भरा साबित हो सकता है। कई स्थानों पर ग्रिल्स के टूटे हिस्से भी सड़क किनारे पड़े रहते हैं, जो अलग से परेशानी का कारण बन सकते हैं।
बॉक्स: ग्रिल्स की मरम्मत करवाने की जरूरत
सर्दियों में धुंध के दौरान सड़क हादसों की आशंका पहले ही बढ़ जाती है। ऐसे में डिवाइडरों पर लगी ग्रिल्स की अनदेखी करना वाहन चालकों और आमजन की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। संबंधित विभाग को शहर के प्रमुख मार्गों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों का भी निरीक्षण करवाना चाहिए। जहां भी ग्रिल्स टूटी हुई हैं, वहां तुरंत नई ग्रिल्स लगवाई जाएं और क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत करवाई जाए।
वर्सन:
जिले में ग्रिल्स को ठीक करवाया गया था, यदि कहीं पर इस प्रकार की समस्या है तो उसे दुरुस्त करवा लिया जाएगा।
गुरचरण, कार्यकारी अभियंता, लोक निर्माण विभाग
