Charkhi Dadri News:पंचायत समितियों व पंचायतों के खाते से निकली राशि का आंकड़ा 4 करोड़ के पार पहुंचा – The Amount Withdrawn From The Accounts Of Panchayat Samitis And Panchayats Has Crossed The 4-crore Mark
चरखी दादरी। जिले में अब तक हुई जांच में पंचायत समितियों व पंचायतों के खाते से निकाली गई राशि का आंकड़ा 4 करोड़ रुपये पार कर गया है। इसमें दादरी ब्लॉक में 1.16 करोड़, बौंद ब्लॉक में 1.20 करोड़, झोझू ब्लॉक में 1.09 करोड़ और बाढड़ा ब्लॉक में 68.83 रुपये की राशि शामिल है। विभागीय अधिकारियों ने आरंभिक जांच रिपोर्ट मुख्यालय भेज दी है। हालांकि अभी खातों के मिलान और जांच का कार्य जारी है। ऐसे में यह राशि और भी बढ़ सकती है। दादरी खंड के बीडीपीओ अमित कुमार का कहना है कि पंचायतों व पंचायत समितियों से मिली जानकारी के अनुसार जांच जारी है। जिसकी रिपोर्ट विभाग को भेज दी है।
उच्चस्तरीय जांच हो
इनेलो के प्रांतीय सचिव आनंद श्योराण ने कहा है कि यह गंभीर मामला है और सरकार की विफलता है। इसकी निष्पक्ष उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए।
सरकार की चुप्पी पर सवाल
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं आरटीआई कार्यकर्ता राकेश चांदवास ने प्रदेश की पंचायत समितियों और पंचायतों के खातों से कथित तौर पर 100 करोड़ रुपये से अधिक की राशि धोखाधड़ी से निकाले जाने के मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा है कि पंचायत समितियों और पंचायतों के खातों में जमा जनता की राशि का इस तरह निकलना गंभीर मामला है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार की ओर से अब तक संतोषजनक जवाब सामने नहीं आया है जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
