शुक्रवार, 13 नवंबर 2026 ताज़ा खबरें, सबसे पहले
Charkhi Dadri News:बाजरा खरीद पर लगी रोक, अब मंडियों में केवल निजी खरीद जारीक, घोटाले की जांच जारी – Ban Imposed On Millet Procurement; Only Private Procurement Continues In The Mandis (agricultural Markets), While An Investigation Into A Scam Is Underway
चरखी दादरी

Charkhi Dadri News:बाजरा खरीद पर लगी रोक, अब मंडियों में केवल निजी खरीद जारीक, घोटाले की जांच जारी – Ban Imposed On Millet Procurement; Only Private Procurement Continues In The Mandis (agricultural Markets), While An Investigation Into A Scam Is Underway

November 11, 2026


चरखी दादरी। जिले की अनाज मंडियों में बाजरे की सरकारी खरीद पर रोक लगा दी गई है। अब मंडियों में केवल निजी खरीद ही जारी रहेगी। ऐसे में अब मंडियों में बाजरा लेकर पहुंचने वाले किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ नहीं मिल सकेगा।

सरकार की ओर से 10 नवंबर को ही बाजरा खरीद का पोर्टल बंद कर दिया गया था। इसके बाद मंडियों में खरीद को लेकर किसानों ने हंगामा किया था। किसानों के विरोध के बाद प्रशासन ने उन किसानों का रिकॉर्ड जमा करवाया था जो खरीद प्रक्रिया के दौरान मंडियों में पहुंचे हुए थे। ऐसे करीब 45 किसानों के गेटपास काटे गए थे ताकि उनके बाजरे की खरीद प्रक्रिया पूरी की जा सके। हालांकि अब नए सिरे से सरकारी खरीद शुरू होने की संभावना नहीं है।

बाजरा घोटाले की जांच जारी

जिले की मंडियों में हुए बाजरा खरीद घोटाले की जांच भी जारी है। अधिकारियों की ओर से आढ़तियों और खरीद से जुड़े रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। इस मामले में जल्द ही जांच रिपोर्ट सामने आने की उम्मीद है। जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खरीद प्रक्रिया में कहां और किस स्तर पर अनियमितताएं हुई हैं।

9.18 लाख क्विंटल बाजरे की हुई आवक

मार्केट कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार जिले की तीन प्रमुख मंडियों चरखी दादरी, बाढड़ा और झोझू कलां में इस सीजन अब तक 9.18 लाख क्विंटल बाजरे की आवक दर्ज की गई है। इसके मुकाबले कुल 7.95 लाख क्विंटल बाजरे की खरीद हुई है। इसमें सरकारी एजेंसियों की खरीद बेहद सीमित रही है। रिपोर्ट के अनुसार हैफेड ने केवल 70 क्विंटल बाजरे की खरीद की है जबकि शेष 7.95 लाख क्विंटल बाजरे की खरीद निजी स्तर पर हुई है।

दादरी मंडी में सबसे ज्यादा खरीद

मंडीवार आंकड़ों पर नजर डालें तो दादरी अनाज मंडी में अब तक 3.78 लाख क्विंटल बाजरे की खरीद हुई है। इसमें से 3 लाख 20 क्विंटल का उठान किया जा चुका है और 57,905 क्विंटल बाजरा उठान के इंतजार में है। यहां उठान का प्रतिशत 84.71 रहा है। वहीं बाढड़ा मंडी में 2 लाख 16 क्विंटल बाजरे की खरीद हुई, जिसमें से 2 लाख 2 हजार क्विंटल का उठान हो चुका है और 14,235 क्विंटल शेष है। यहां उठान 93.43 प्रतिशत रहा। झोझू कलां मंडी में 1 लाख 99 हजार 838 क्विंटल बाजरे की खरीद हुई, जिसमें से 1.97 लाख क्विंटल का उठान किया जा चुका है और केवल 2,607 क्विंटल उठान बाकी है। यहां उठान का प्रतिशत 98.70 दर्ज किया गया है।

90.60 प्रतिशत बाजरे का उठान

जिले की तीनों मंडियों में कुल खरीदे गए 7 लाख 95 हजार 424 क्विंटल बाजरे में से 7 लाख 20 क्विंटल का उठान हो चुका है। अभी 74,747 क्विंटल बाजरा मंडियों में उठान के इंतजार में पड़ा है। कुल उठान का प्रतिशत 90.60 है। रिपोर्ट के अनुसार 10 नवंबर को 4,630 क्विंटल बाजरे का उठान हुआ था। अब सरकारी खरीद बंद होने के बाद मंडियों में बचे बाजरे का उठान और निजी खरीद ही प्रमुख प्रक्रिया रहेगी। वहीं किसानों की नजरें कथित बाजरा घोटाले की जांच रिपोर्ट और भावांतर योजना के तहत लंबित भुगतान पर टिकी हैं।

वर्सन:

मंडी में बाजरे की खरीद बंद हो चुकी है। निजी फर्मों को किसान बाजरा बेचने पहुंच रहे है। बाजरे खरीद में गड़बड़ी की जांच की जा रही है। जल्द रिपोर्ट सामने आएगी।-विजय कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी।

शेयर करें: WhatsApp Telegram Facebook X