Charkhi Dadri News:बाजरे की खरीद दोबारा शुरू करवाने के लिए 350 किसानों ने सौंपी अर्जी – 350 Farmers Submitted A Request To Resume The Procurement Of Pearl Millet (bajra)
चरखी दादरी। बाजरे की सरकारी खरीद बंद होने के बाद अब किसानों ने दोबारा खरीद शुरू करवाने की मांग तेज कर दी है। इसके लिए करीब 350 किसानों ने मंडी सचिव को आवेदन सौंपकर भावांतर योजना के तहत उनका बाजरा खरीदने की मांग की है। किसानों का कहना है कि अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे किसान हैं जिनका बाजरा सरकारी खरीद प्रक्रिया के तहत नहीं बिक पाया है।
अनुमान है कि इन किसानों के पास करीब 25 से 30 हजार क्विंटल बाजरा बिक्री के लिए शेष है। किसानों की मांग और आवेदनों को देखते हुए अब मंडी प्रशासन ने भी उनकी बाजरे की जानकारी जुटाकर उच्च अधिकारियों को भेजनी शुरू कर दी है। ऐसे में किसानों को उम्मीद है कि सरकार दोबारा खरीद शुरू करने का निर्णय ले सकती है।
निर्धारित तिथि से पहले ही बंद कर दी थी खरीद
सरकार की ओर से बाजरे की खरीद के लिए 15 नवंबर तक का समय निर्धारित किया गया था लेकिन इससे पहले ही 6 नवंबर को खरीद प्रक्रिया बंद कर दी गई। इससे उन किसानों के सामने परेशानी खड़ी हो गई जो किसी कारणवश निर्धारित समय के दौरान अपना बाजरा नहीं बेच पाए थे। खरीद बंद होने के बाद से ही किसान लगातार इसे दोबारा शुरू करवाने की मांग उठा रहे हैं। अब करीब 350 किसानों ने मंडी सचिव के माध्यम से लिखित आवेदन देकर अपनी मांग सरकार तक पहुंचाई है।
सरकार ने मांगा किसानों का डाटा
किसानों की ओर से दोबारा खरीद शुरू करने की मांग उठाए जाने के बाद सरकार ने किसानों का डाटा मांगा है। इसके तहत मंडी सचिव आवेदन देने वाले किसानों की संख्या, उनके पास उपलब्ध बाजरे की मात्रा और अन्य संबंधित जानकारियां जुटाकर उच्च अधिकारियों को भेज रहे हैं। करीब 350 किसानों के आवेदनों के आधार पर 25 से 30 हजार क्विंटल बाजरे की संभावित आवक का अनुमान लगाया जा रहा है।
दोबारा फिजिकल वेरिफिकेशन की मांग
मंडी में बाजरे की खरीद के दौरान सामने आई करीब 68 हजार क्विंटल बाजरे की कथित गड़बड़ी का मामला भी लगातार चर्चा में है। इस मामले में जांच और फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया के दौरान रिकॉर्ड के लिए सवाल उठे थे। मंडी सचिव की ओर से की गई जांच में करीब 44 हजार क्विंटल बाजरे का ही रिकॉर्ड मिल पाया है। मामले में संबंधित आढ़तियों ने फिजिकल वेरिफिकेशन की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए दोबारा जांच करवाने की मांग की है।
वर्सन :
किसानों की ओर से आवेदन दिए जा रहे हैं जिसमें खरीद की मांग की जा रही है। इसका रिकॉर्ड उच्च अधिकारियों को दिया जा रहा है। आदेश अनुसार खरीद की जा सकती है। – विजय कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी
