Charkhi Dadri News:मारपीट मामले में दो दोषियों की सेशन कोर्ट ने सजा रखी बरकरार – Sessions Court Upholds Sentences Of Two Convicts In Assault Case
चरखी दादरी। वर्ष 2015 के मारपीट और घर में घुसकर हमला करने के मामले में दो दोषियों को सेशन कोर्ट से भी राहत नहीं मिली। सेशन जज डीआर छलिया की अदालत ने दोनों दोषियों की अपील खारिज करते हुए निचली अदालत की ओर से सुनाई गई सजा को बरकरार रखा है।
अदालत ने 21 नवंबर को फैसला सुनाते हुए दोनों दोषियों को शेष सजा भुगतने के लिए जिला जेल भिवानी भेजने का वारंट जारी किया है। अदालती रिकॉर्ड के अनुसार, मामला बौंद कलां थाना क्षेत्र का है। इस संबंध में 6 फरवरी 2015 को एफआईआर दर्ज की गई थी।
इसमें भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 325, 354 और 452 के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में तत्कालीन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की अदालत ने 14 नवंबर 2019 को गांव लांबा निवासी जितेंद्र पुत्र जयबीर सिंह और राज कमल पुत्र रणबीर सिंह को दोषी करार देते हुए सजा सुनाई थी।
दो साल तक की सुनाई थी सजा: निचली अदालत ने दोनों दोषियों को धारा 323 के तहत छह माह का कठोर कारावास सुनाया था। वहीं, धारा 325 और 452 के तहत दो-दो साल का कठोर कारावास और एक-एक हजार रुपये जुर्माना लगाया था।
जुर्माना अदा नहीं करने पर 10-10 दिन के अतिरिक्त साधारण कारावास का प्रावधान था। हालांकि दोनों दोषियों ने जुर्माने की राशि जमा करवा दी थी।
